मणिबाई में कुमकुम मोहोड का भव्य स्वागत

एशियाई खेलो की गोल्ड मेडल विजेता

अमरावती/दि.6 – दी गुजराती एज्युकेशन सोसायटी द्वारा संचालित मणीबाई गुजराती हाईस्कूल एवं श्रीमती सुलोचनाबेन त्रिकमदास कापडिया गुजराती जूनियर कॉलेज की छात्रा और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कुमकुम अनिल मोहोड का स्कूल परिसर में भव्य स्वागत किया गया.
जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20 वें एशियाई खेलों में कुमकुम मोहोड ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए तीरंदाजी में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक तथा मिक्स्ड डबल्स में एक रजत पदक हासिल किया. इस ऐतिहासिक सफलता से अमरावती का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है. जिला खेल अधिकारी गणेश जाधव की ओर से सोमवार 5 अक्टूबर को राजकमल चौक पर कुमकुम के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर जिलाधिकारी आशिष येरेकर, खेल एवं युवक सेवा संचालनालय अमरावती विभाग के उपसंचालक अविनाश पुंड सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.
जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने कुमकुम का अभिनंदन करते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों और स्कूलों के लिए प्रेरणादायी है. उन्होंने आगामी अमेरिका में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए चयनित होने पर कुमकुम को शुभकामनाएं दीं. कुमकुम ने स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की और ‘क्रीड़ा तीर्थ’ का भी दौरा किया. इस दौरान उसने स्कूल की पुरानी यादों को ताजा किया. मुख्याध्यापिका अंजली देव, शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ देकर उसका अभिनंदन किया. कुमकुम ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ओलंपिक की तैयारी के लिए सभी का सहयोग और समर्थन उसके साथ है. इसी भरोसे के साथ वह आगामी प्रतियोगिताओं में भी सफलता हासिल करने का प्रयास करेगी. दी गुजराती एज्युकेशन सोसायटी के अध्यक्ष सीए डॉ. निलेशभाई लाठिया, उपाध्यक्ष डॉ. नितीनभाई सेठ, सचिव एड. संजयभाई सांगाणी, कोषाध्यक्ष भरतकुमार भायाणी, सह-सचिव तुषारभाई श्रॉफ, आईपीपी सुरेशभाई राजा तथा समस्त कार्यकारिणी ने भी कुमकुम का अभिनंदन करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं.

Back to top button