दुचाकी के लिए पसंदीदा नंबरों की नई सीरीज शुरू

8 अक्टूबर तक आरटीओ कार्यालय में आवेदन जमा करने का आवाहन

* एक नंबर पर एक से अधिक दावेदार होने पर होगी नीलामी
अमरावती/दि.6 – परिवहनेत्तर (दुचाकी) श्रेणी के नए वाहनों के लिए पसंदीदा वाहन नंबरों की नई सीरीज शुरू की जा रही है. इच्छुक वाहन मालिक निर्धारित शुल्क के डिमांड ड्राफ्ट के साथ गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक अपना आवेदन प्रादेशिक परिवहन कार्यालय, कैंप, अमरावती की खिड़की क्रमांक 25 पर जमा कर सकते हैं. यह जानकारी प्रादेशिक परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार ने दी है.
आवेदन वाहन मालिक के नाम से ही करना होगा. इसके साथ पते का प्रमाण और पैन कार्ड संलग्न करना अनिवार्य है. आवेदन में वाहन मालिक के आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर भी दर्ज करना होगा. पसंदीदा नंबर के शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट अमरावती, कैंप ब्रांच, ट्रेजरी ब्रांच कोड क्रमांक 003866 के लिए देय होना चाहिए. एक पसंदीदा नंबर के लिए केवल एक आवेदन प्राप्त होने पर उस आवेदक को नंबर आवंटित किया जाएगा. वहीं, किसी एक नंबर के लिए दो या उससे अधिक आवेदन प्राप्त होने पर संबंधित नंबरों की सूची 8 अक्टूबर को शाम 4 बजे आरटीओ कार्यालय के सूचना फलक पर प्रदर्शित की जाएगी.

* एक नंबर के लिए कई दावेदार तो होगी बोली
एक ही पसंदीदा नंबर के लिए दो या अधिक आवेदन आने की स्थिति में संबंधित आवेदकों को निर्धारित पसंदीदा नंबर शुल्क के अतिरिक्त राशि का डिमांड ड्राफ्ट बंद लिफाफे में जमा करना होगा. यह प्रक्रिया 9 अक्टूबर को दोपहर 1.30 बजे तक आरटीओ कार्यालय की खिड़की क्रमांक 25 पर पूरी करनी होगी. इसके बाद अतिरिक्त राशि के डिमांड ड्राफ्ट जमा करने वाले आवेदकों को 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे प्रादेशिक परिवहन अधिकारी के कक्ष में उपस्थित रहना होगा.

* नीलामी में पहचान पत्र अनिवार्य
नीलामी में शामिल होने वाले आवेदक या उनके प्रतिनिधि को पहचान पत्र तथा प्राधिकरण पत्र के साथ उपस्थित रहना अनिवार्य होगा. कार्यालय में जमा किए गए अतिरिक्त राशि वाले डिमांड ड्राफ्ट आवेदकों की उपस्थिति में खोले जाएंगे. जिस आवेदक की बोली अर्थात अतिरिक्त राशि सबसे अधिक होगी, उसे संबंधित पसंदीदा नंबर आवंटित किया जाएगा. अन्य आवेदकों के कम राशि वाले डिमांड ड्राफ्ट वापस कर दिए जाएंगे. आरटीओ विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय पर अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा. साथ ही पसंदीदा नंबर के संबंध में किसी भी आवेदक को फोन, मोबाइल कॉल या एसएमएस के माध्यम से अलग से सूचना नहीं दी जाएगी. इसलिए आवेदकों से निर्धारित तारीख और समय पर स्वयं कार्यालय में उपस्थित रहकर प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया गया है.

Back to top button