अमरावती में युवक की संदिग्ध मौत, जेब से सुसाइड नोट और इंजेक्शन मिला

फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के कैलाशनगर की घटना

* पुलिस को बैंक कर्ज से जुड़ी जानकारी वाला नोट मिला
* फोरेंसिक और अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अमरावती/दि.3– फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के कैलाशनगर इलाके में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. यह घटना 1 अक्टूबर को सामने आई. मृतक का नाम जेवड नगर निवासी आकाश है. पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट और इंजेक्शन मिला है. पुलिस ने इंजेक्शन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. मौत की वास्तविक वजह अंतिम पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है.
जानकारी के मुताबिक आकाश 30 सितंबर को रोज की तरह सुबह काम के लिए घर से निकला था. लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने उससे संपर्क करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसी दौरान बुधवार रात करीब 9 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने आकाश के परिजनों को फोन कर बताया कि वह ग्रेटर कैलाशनगर इलाके में एक खुले स्थान पर पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आकाश को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
* जेब से मिला नोट, बैंक कर्ज का उल्लेख
घटना की जानकारी मिलने के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस को मृतक की जेब से एक नोट मिला है, जिसमें बैंक कर्ज और उससे संबंधित बातों का उल्लेख होने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा पुलिस को एक इंजेक्शन भी मिला है. पुलिस ने बरामद सामग्री को जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिया है. इंजेक्शन में क्या था और उसकी मौत से उसका कोई संबंध था या नहीं, यह जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा.
* अस्पताल में वार्ड बॉय था आकाश
पुलिस के मुताबिक आकाश एक अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम करता था. इसके कारण उसे दवाओं और अस्पताल में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जानकारी होने की बात सामने आई है. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
* साढ़े तीन साल पहले पत्नी ने भी की थी आत्महत्या
इस घटना से परिवार पर एक और बड़ा दुख टूट पड़ा है. जानकारी के अनुसार, आकाश की पत्नी ने करीब साढ़े तीन साल पहले आत्महत्या कर ली थी. अब आकाश की मौत के बाद दंपती का करीब छह वर्षीय बेटा अनाथ हो गया है.
* पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मृत्यु का मामला
फ्रेजरपुरा पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है. पुलिस बरामद नोट, इंजेक्शन और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है. मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा. फ्रेजरपुरा के थानेदार रवींद्र राजुलवार ने बताया कि बरामद सामग्री फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई है. अंतिम पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा.

Back to top button