मनपा स्कूल क्रमांक 14 में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत

विकसित भारत की थीम पर चित्रकला और रंगभरण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

अमरावती/दि.3 – महानगरपालिका उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल क्रमांक 14, वडाली में 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया. अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित चित्रकला एवं रंगभरण प्रतियोगिता आयोजित की गई.
उच्च प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, जबकि प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए रंगभरण प्रतियोगिता आयोजित की गई. विद्यार्थियों ने ‘मेरी स्कूल सुंदर स्कूल’, ‘मेरे सपनों की स्कूल-2047’, ‘तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अंतरिक्ष में भारत’, ‘स्वच्छ, हरित एवं आत्मनिर्भर भारत’, ‘भारतीय कृषि एवं आधुनिक किसान’ तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत-समृद्ध संस्कृति और विकास’ जैसे विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति और प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के मुख्याध्यापक योगेश पखाले एवं शिक्षकों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा का पूजन एवं माल्यार्पण कर की गई. इस अवसर पर विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा, तकनीक, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया गया. प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम के आयोजन के लिए सुलोचना डाखोले, निशा चव्हाण, स्मिता वानखड़े, ज्योत्स्ना गवई, मोनिका पंधरे, अनिता विधाते, प्रणिता देशमुख, वैशाली देशमुख, मनीषा वाकोड़े, ज्योति सातपुते, नीलिमा लव्हाले, अनुप भारंबे, चेतना बोंडे, कल्पना सवई, भाग्यश्री गणगणे, राजकुमार जाधव और रूपाली आडोले ने परिश्रम किया.

Back to top button