नवरात्रि से पहले लाडकी बहनों को 1,500 रुपये की सौगात

अगस्त माह की किस्त सभी लााभार्थी महिलाओं के खातों में जमा

* सामाजिक न्याय विभाग ने 339 करोड़ रुपये की राशि वितरित की
मुंबई /दि.2- मुख्यमंत्री लाडकी बहिण योजना के लाभार्थी महिलाओं के लिए नवरात्रि से पहले राहत की खबर है. योजना के तहत अगस्त माह की 1,500 रुपये की किस्त पात्र महिलाओं के बैंक खातों में जमा कर दी गई है. इससे लंबे समय से किस्त का इंतजार कर रही लाभार्थी महिलाओं को राहत मिली है. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. जुलाई माह की किस्त रक्षाबंधन से पहले खातों में जमा की गई थी. इसके बाद अब अगस्त माह की किस्त नवरात्रि से पहले लाभार्थियों तक पहुंची है. हालांकि, सितंबर माह की किस्त अभी तक खातों में जमा नहीं हुई है.
मंत्री संजय शिरसाट के अनुसार, अगस्त माह की किस्त के लिए सामाजिक न्याय विभाग की ओर से आवश्यक निधि की व्यवस्था की गई थी. इसके लिए 339 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई. शासन निर्णय जारी होने के बाद लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में यह राशि जमा की गई. अगस्त माह की किस्त का इंतजार कर रही महिलाओं को अब अपने बैंक खाते की जांच करने की सलाह दी गई है. लाभार्थी बैंक खाते में राशि जमा हुई है या नहीं, यह बैंक की पासबुक, मोबाइल बैंकिंग अथवा बैंक की ओर से प्राप्त संदेश के माध्यम से पुष्टि कर सकती हैं.

Back to top button