मोबाइल टावर पर चढ़कर युवक का गांधीगिरी आंदोलन

अचलपुर एसडीओ कार्यालय में फेरफार के मामले में न्याय की मांग

* प्रशासन में मचा हड़कंप
गुरुकुंजमोझरी/दि.2 – अचलपुर स्थित एसडीओ कार्यालय में कथित फेरफार के मामले में न्याय की मांग को लेकर एक युवक ने गुरुकुंज मोझरी में मोबाइल टावर पर चढ़कर अनोखे अंदाज में आंदोलन शुरू कर दिया. युवक ने टावर पर चढ़कर ‘गांधीगिरी’ आंदोलन करते हुए प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया.
जानकारी के अनुसार, वर्‍हा निवासी डाखोरे ने अचलपुर एसडीओ कार्यालय से संबंधित फेरफार प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर यह कदम उठाया है. युवक का कहना है कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलता, तब तक वह मोबाइल टावर से नीचे नहीं उतरेगा. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस महकमे में हलचल मच गई. पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग तथा फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा युवक को समझाने तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए हैं.
* न्याय मिलने तक नीचे नहीं उतरने की चेतावनी
टावर पर चढ़े युवक ने संबंधित मामले में तत्काल कार्रवाई और न्याय की मांग करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उसकी मांग पूरी नहीं होती, वह नीचे नहीं उतरेगा. इसके चलते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है. फिलहाल पुलिस, राजस्व विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमें युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही हैं. प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है.

Back to top button