अमरावती की तीरंदाज कुमकुम मोहोड ने एशियाई खेलों में भी रचा इतिहास
विश्व कप में दो लगातार स्वर्ण के बाद अमरावती की कुमकुम ने एशियाई खेल में जीता गोल्ड

अमरावती/दि.2 – इस साल अपने पहले ही विश्व कप सीजन में लगातार दो विश्व कप स्वर्ण जीतने के बाद अमरावती की प्रतिभाशाली तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोड ने शुक्रवार को एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक पर अपना नाम दर्ज करा दिया.
अपने पहले ही एशियाई खेलों को और भी यादगार बनाते हुए 17 वर्षीय कुमकुम ने रिकर्व टीम गोल्ड के बाद मिक्स्ड टीम में सिल्वर जीतकर दोहरी खुशी हासिल की. भारतीय महिला रिकर्व टीम – कुमकुम, कीर्ति और अंकिता भकत – जब सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ मैदान में उतरी, तो युवा भारतीय ब्रिगेड ने पहले ही तीर से शानदार प्रदर्शन किया और 53-51, 54-52 सेट जीतकर 4-0 की बढ़त ले ली. तीसरे सेट में भारत ने चीन के साथ 51-51 से बराबरी कर अंक बांटे और 5-1 से आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत दर्ज की.
टॉप सीडेड कोरिया – कांग चेयॉन्ग, ली युनजी और ओह येजिन – के खिलाफ फाइनल में कुमकुम, कीर्ति और अंकिता ने हर तीर पर कोरिया का मुकाबला किया, पहले दो सेट 54 और 56 पर टाई किए और फिर तीसरा सेट 55-51 से जीतकर 4-2 की बढ़त बना ली. इसके बाद भारतीय तिकड़ी ने चौथे सेट में कोरिया को 54-54 पर रोककर 5-3 से स्वर्ण पदक जीत लिया. चीन ने इंडोनेशिया को 6-2 से हराकर कांस्य पदक जीता.
हालांकि, अंताल्या में स्वर्ण जीतने वाली कुमकुम मोहोड और धीरज बोम्मदेवरा की रिकर्व मिक्स्ड जोड़ी का जादू शुक्रवार को चीन की झू जिंगयी और ली मेंगकी के खिलाफ फाइनल में नहीं चल पाया, जहां चीन ने 5-3 (38-34, 37-35, 36-37, 36-37) से जीतकर स्वर्ण पर कब्जा किया. इससे पहले सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी ने मेजबान जापान को 5-3 से हराया था. धीरज बोम्मदेवरा, नीरज चौहान और अमरावती के यशदीप भोगे की भारतीय पुरुष रिकर्व टीम ने आज सुबह ईरान को 6-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. भारत का फाइनल में आज दोपहर कोरिया से सामना होगा.





