समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 21 घायल

तलणी के पास ट्रक ने बोलेरो पिकअप को मारी जोरदार टक्कर

* धामणगांव ग्रामीण अस्पताल में रात 2 बजे पहुंचीं नगराध्यक्ष डॉ. अर्चना अडसड रोठे
धामणगांव रेलवे /दि.2- समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. चैनल क्रमांक 97, तलणी के समीप श्रद्धालुओं को लेकर जा रहे बोलेरो पिकअप वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. इसके अलावा 21 लोग घायल हो गये.
जानकारी के मुताबिक वर्धा शहर के रामनगर परिसर के सोमनाथे ले-आउट के नवदुर्गा पूजा उत्सव समिति के कार्यकर्ता गुरुवार 1 अक्टूबर की देर रात 2 बजे के दौरान शेगांव से दुर्गामाता की मूर्ति लेकर बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक एमएच-05/बीएच-5793 को जोडी ट्रॉली से समृद्धि महामार्ग से वर्धा की तरफ जा रहे थे. धामणगांव रेल्वे तहसील के चैनल नंबर-97 तलनी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी-07/सीजे-8855 के चालक ने अपनी गाडी लापरवाही से चलाते हुए बोलेरो पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया. घटनास्थल पर ही 5 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गये. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मंगरुल दस्तगीर पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. महामार्ग का यातायात पूरी तरह से ठप हो गया.
* घायलों को धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और संबंधित तंत्र ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल उपचार के लिए धामणगांव रेलवे के ग्रामीण अस्पताल में दाखिल कराया गया. अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने घायलों का उपचार शुरू किया. घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए सावंगी मेघे और सेवाग्राम स्थित अस्पतालों में रेफर किया गया. जहां उपचार के दौरान दो घायलों की मौत हो गई. हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है.
* रात 2 बजे अस्पताल पहुंचीं नगराध्यक्ष डॉ. अर्चना अडसड रोठे
हादसे की जानकारी मिलते ही धामणगांव रेलवे की नगराध्यक्ष डॉ. अर्चना अडसड रोठे आक्का ने तत्काल स्थिति की जानकारी ली. रात करीब 2 बजे वे धामणगांव रेलवे के ग्रामीण अस्पताल पहुंचीं और वहां भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की. नगराध्यक्ष ने अस्पताल में मौजूद घायलों की स्थिति की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से भी बातचीत की. उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से घायलों को दिए जा रहे उपचार और अस्पताल की व्यवस्था के संबंध में जानकारी हासिल की. गंभीर घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र में भेजने के संबंध में भी उन्होंने जानकारी ली.
* हादसे से क्षेत्र में शोक
समृद्धि महामार्ग पर हुए इस भीषण हादसे की खबर फैलते ही धामणगांव रेलवे और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. श्रद्धालु शेगांव से दुर्गादेवी की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे. रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने नवरात्रोत्सव के उत्साह को मातम में बदल दिया. बताया जाता है कि, दुर्घटना में 21 घायलों में से 12 लोगों की हालत गंभीर है. अन्य 6 लोगों को मामूली चोटें आई है. हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर वहां का जायजा किया.
* आईजी और एसपी भी घटनास्थल पहुंचे
इस भीषण दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम तत्काल घटनास्थल की तरफ रवाना हुए. उन्होंने घटनास्थल का जायजा किया और सहायता कार्य बाबत अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये. साथ ही विशेष पुलिस महानिरीक्षक महेश पाटिल ने भी घटनास्थल भेंट देकर परिस्थिति की जानकारी ली. उपविभागीय पुलिस अधिकारी गिरीष ताथोड व उपविभागीय अधिकारी तेजश्री कोरे ने भी तत्काल घटनास्थल पहुंचने के बाद रिश्तेदारों को सांत्वना दी.
* फरार ट्रक चालक की तलाश शुरु
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोडकर घटनास्थल से फरार हो गया. दत्तापुर और मंगरुल दस्तगीर पुलिस समेत यातायात पुलिस शाखा का दल इस प्रकरण की संयुक्त रुप से जांच कर रहा है. आरोपी ट्रक चालक की तलाश के लिए विशेष दल रवाना किया गया है. सभी शवों का पोस्टमार्टम धामणगांव रेलवे के ग्रामीण अस्पताल में किया गया. त्यौहार के मुहाने पर घटित इस भीषण दुर्घटना के कारण संपूर्ण वर्धा जिले में शोक व्याप्त है.
* सभी मृतक और घायल वर्धा के रहने वाले
इस भीषण हादसे में सभी मृतक और घायल वर्धा शहर के सोमनाथे ले-आउट परिसर के रहने वाले है. मृतकों में दत्ता कुरसंगे (55), घनश्याम पाटिल (60), प्रवीण बकाने (50), गोलू उर्फ सचिन बादलमवार (38), ओम गावंडे, रोशन राउत (28) व एक अन्य है. जबकि घायलों में दिनेश रामकृष्ण पोहनकर (35), नरेंद्र प्रल्हादराव सयाम (49), मुनेश्वर देवराव ढोले (53), सागर मुनेश्वर ढोले (27), सतीश वसंतराव राउत (43), सतीश पांडुरंग खाडे (35), अनिल मारोतराव मसराम (47), दिनेश पांडुरंग नानवटे (40), नयन सुधीर खानझोडे (29), यश रवि मलकापुरे (30), अमित अनिल आडे (25), प्रतिक रामदास सिरसकर (31), अनूज अनिल आडे (23), दुर्गेश यशवंत बिसेन (30), आर्यन प्रभाकर वैद्य (19), शुभम श्यामसुंदर ढबाले (30), प्रणय प्रभाकर ढोले (30) है.
* पांच का पीएम धामणगांव में और दो का पीएम सावंगी मेघे में
धामणगांव रेल्वे के हमारे संवाददाता पवन शर्मा ने बताया कि, समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसे के बाद धामणगांव के ग्रामीण अस्पताल में मृतक के रिश्तेदार समेत नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. इस भीषण हादसे में मृतक पांच लोगों का पोस्टमार्टम धामणगांव के ग्रामीण अस्पताल में दोपहर 1 बजे करने के बाद रिश्तेदारों को उनके शव सौंप दिये गये. दो अन्य घायलों की सावंगी मेघे में उपचार के दौरान मृत्यु होने से उनका पोस्टमार्टम सावंगी मेघे में किया गया. अन्य घायलों पर उपचार जारी है.


* मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जताया गहरा दुख
अमरावती जिले में मध्यरात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है. मृतक सभी वर्धा जिले के निवासी बताए गए हैं. मुख्यमंत्री ने मृतकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही अमरावती के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में घायल 20 लोगों को सावंगी और सेवाग्राम स्थित चिकित्सा अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. उन्होंने बताया कि घायलों में से 5 की हालत गंभीर है. मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

Back to top button