दशहरा पर्व के आसपास शुरू होगा चित्रा चौक-वलगांव रोड फ्लायओवर
8 साल से चला आ रहा अंतहीन इंतजार अब खत्म होने में

* अगले 12-15 दिनों में इतवारा उडानपुल के शुरू होने के संकेत
* अभी पहले चरण में उडानपुल का वलगांव रोड वाला हिस्सा खुलेगा
* दूसरे चरण में नागपुरी गेट होते हुए पठान चौक की ओर जानेवाला रास्ता जोडा जाएगा
* फ्लायओवर पर लाइटिंग, दिशा-सूचक बोर्ड, रेलिंग, पेंटिंग, डिवायडर रबर व एंट्री गेट लगाने का काम अंतिम चरण में
* उडानपुल पर भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित, हेड बैरियर सुरक्षा द्वार भी लगाए जा रहे
* आवाजाही हेतु पूरी तरह से बनकर तैयार फ्लायओवर पर रोड सेफ्टी व ग्राऊंड लेवल कनेक्टीवीटी को लेकर चल रही जांच
* मनपा, पुलिस व आरटीओ के साथ लोकनिर्माण विभाग सतत संपर्क कर साथ रहा समन्वय
* संबंधित महकमों से हरी झंडी मिलते ही उडानपुल को आम लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा
अमरावती /दि.2- शहर के बहुप्रतीक्षित चित्रा चौक-वलगांव रोड फ्लायओवर के शुरू होने की दिशा में अब निर्णायक प्रगति दिखाई देने लगी है. करीब आठ वर्षों से निर्माणाधीन यह परियोजना अगले 12 से 15 दिनों में आंशिक रूप से नागरिकों के लिए खुल सकती है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार पहले चरण में चित्रा चौक से नागपुरी गेट होते हुए वलगांव रोड की ओर जाने वाले फ्लायओवर के हिस्से को दशहरा पर्व के आसपास यातायात के लिए शुरू करने की तैयारी की जा रही है. फ्लायओवर के मुख्य ढांचे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. वर्तमान में लाइटिंग, दिशा-सूचक बोर्ड, रेलिंग, डिवाइडर रबर, सड़क चिह्नांकन, पेंटिंग तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का काम अंतिम चरण में है. साथ ही भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए दोनों ओर विशेष हेड बैरियर सुरक्षा द्वार भी लगाए जा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग फ्लायओवर को शुरू करने से पहले किसी प्रकार की जल्दबाजी के पक्ष में नहीं है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार पुल पर यातायात प्रारंभ करने से पूर्व रोड सेफ्टी निरीक्षण, यातायात प्रबंधन तथा ग्राउंड लेवल कनेक्टिविटी की विस्तृत जांच की जा रही है. इसके लिए महानगरपालिका, शहर यातायात पुलिस तथा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के साथ लगातार समन्वय रखा जा रहा है. संबंधित सभी विभागों से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद ही फ्लायओवर को आम नागरिकों के लिए खोला जाएगा.
पता चला है कि, फिलहाल फ्लायओवर का चित्रा चौक-नागपुरी गेट-वलगांव रोड खंड पूरी तरह तैयार है. वहीं नागपुरी गेट से पठान चौक की दिशा में जाने वाले हिस्से का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. हालांकि इस भाग को मुख्य फ्लायओवर से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य अभी शेष है. इसी कारण संपूर्ण परियोजना को एक साथ शुरू करने के बजाय पहले वलगांव रोड वाला हिस्सा चालू किया जाएगा. दूसरे चरण में नागपुरी गेट होते हुए पठान चौक की दिशा का मार्ग जोड़ा जाएगा.
* 2017-18 में बनी थी योजना
शहर के सबसे व्यस्त यातायात क्षेत्र चित्रा चौक, इतवारा बाजार, टांगा पड़ाव, चांदनी चौक और नागपुरी गेट में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए वर्ष 2017-18 में इस फ्लायओवर की संकल्पना सामने आई थी. इसका उद्देश्य पश्चिमी अमरावती, वलगांव रोड तथा नागपुरी गेट क्षेत्र को शहर के मध्य भाग से सुगम और निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराना था. निर्माण प्रारंभ होने के बाद उम्मीद थी कि परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो जाएगी, लेकिन विभिन्न तकनीकी, प्रशासनिक और अन्य कारणों से कार्य बार-बार बाधित होता रहा. परिणामस्वरूप नागरिकों और व्यापारियों को वर्षों तक परेशानी का सामना करना पड़ा.
* समयसीमा कई बार बदली
फ्लायओवर निर्माण में हुई देरी के कारण परियोजना की समयसीमा कई बार आगे बढ़ानी पड़ी. वर्ष 2025 में मामले ने न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया. पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख द्वारा दायर जनहित याचिका पर मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट मांगी थी और प्रशासन को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद प्रशासन ने 31 दिसंबर 2025 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य तय किया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हो सका. बाद में अप्रैल 2026 के अंत तक कार्य पूर्ण कर 1 मई से फ्लायओवर शुरू करने की योजना बनाई गई थी, किंतु वह भी अमल में नहीं आ सकी. अब पहली बार परियोजना का एक हिस्सा वास्तव में शुरू होने की स्थिति में पहुंच गया है.
* पश्चिमी अमरावती को मिलेगी बड़ी राहत
फ्लायओवर का वलगांव रोड खंड शुरू होने के बाद पश्चिमी अमरावती से आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. इससे इतवारा बाजार, टांगा पड़ाव, चांदनी चौक और नागपुरी गेट जैसे अत्यधिक व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव कम हो सकेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि फ्लायओवर शुरू होने के बाद शहर के पश्चिमी हिस्से से मुख्य शहर तक पहुंचने का समय घटेगा और बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलेगी.
* निर्माण एजेंसी बोली-हमारा काम पूरा
फ्लायओवर का निर्माण करने वाली चाफेकर कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक आशीष चाफेकर ने बताया कि कंपनी की ओर से मुख्य निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. अब केवल कुछ सौंदर्यीकरण और मार्किंग संबंधी कार्य शेष हैं. कंपनी फ्लायओवर को लोक निर्माण विभाग के हवाले कर चुकी है. इसलिए इसे कब शुरू किया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय विभागीय स्तर पर लिया जाएगा.
* लोक निर्माण विभाग ने बताई स्थिति
लोक निर्माण विभाग के उपविभागीय अभियंता तुषार काले के अनुसार चित्रा चौक से नागपुरी गेट होते हुए वलगांव रोड की दिशा का मुख्य फ्लायओवर यातायात के लिए तैयार है. हालांकि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दिशा-सूचक बोर्ड, रेलिंग, स्पीड ब्रेकर, डिवाइडर सुरक्षा उपकरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस और आरटीओ द्वारा रोड सेफ्टी निरीक्षण के बाद तथा महानगरपालिका की आवश्यक अनुमति मिलने पर फ्लायओवर को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा.
* आठ साल बाद पूरी होती दिख रही उम्मीद
करीब आठ वर्षों तक निर्माण, प्रशासनिक प्रक्रियाओं, समयसीमा विस्तार और न्यायालयीन हस्तक्षेप के बीच अटकी रही यह परियोजना अब अंतिम मुकाम पर पहुंचती दिखाई दे रही है. यदि सभी प्रक्रियाएं तय समय पर पूरी हो गईं तो आने वाला दशहरा अमरावतीकरों के लिए लंबे इंतजार के अंत और नई यातायात सुविधा की शुरुआत का प्रतीक बन सकता है.





