सीजेपी के ‘फेक नैरेटिव’ का गुब्बारा फूटा
‘कॉकरोच’ के आंदोलन पर सीएम फडणवीस का पलटवार

* तीनों आयुक्तों की पत्रवार्ता से स्थिती साफ हो जाने की बात कही
मुंबई/दि.2- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा शुरू किए गए आंदोलन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है. सीएम फडणवीस ने आंदोलन और विरोधियों के आरोपों को लेकर कहा कि तीनों आयुक्तों की पत्रकार वार्ता के बाद नाहक ही होहल्ला मचा रहे लोगों के ‘फेक नैरेटिव’ का गुब्बारा फूट चुका है, इसके बावजूद उसे आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.
बता दे कि, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्तूबर से मुंबई से आंदोलन शुरू करने की घोषणा की थी. संगठन ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन का आह्वान किया था. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद सीजेपी की ओर से जेल भरो आंदोलन की बात कही गई.
इस पूरे विषय को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि, सीजेपी से संबंधित लोगों द्वारा फैलाए जा रहे कथित ‘फेक नैरेटिव’ का पर्दाफाश हो चुका है. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उसे आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिलेगी.
इसके साथ ही धारावी पुनर्विकास परियोजना का मुआयना करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, धारावी की वर्तमान स्थिति, स्थानीय उद्योगों, प्रस्तावित लेआउट और पुनर्विकास के बाद मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई जा रही है. उनके अनुसार, प्रस्तावित परियोजना में आवास, अस्पताल, धार्मिक स्थलों और स्थानीय व्यवसायों के लिए व्यवस्थाओं की जानकारी इस पहल के माध्यम से समझी जा सकेगी.





