एसटी का ‘जहां चाहें वहां यात्रा करें’ पास अब ऑनलाइन
4 और 7 दिन के पास के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू

अब डिपो के चक्कर नहीं, घर बैठे मिलेगा पास
अमरावती/दि.3 – महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए ‘जहां चाहें वहां यात्रा करें’ योजना के तहत ऑनलाइन पास की सुविधा शुरू कर दी है. अब यात्रियों को पास बनवाने के लिए एसटी डिपो की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. घर बैठे ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर पास प्राप्त किया जा सकेगा.
एसटी परिवहन विभाग के नियंत्रक सचिन क्षीरसागर ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा 29 सितंबर को जारी परिपत्र के अनुसार 4 दिन और 7 दिन की अवधि वाले पास के लिए ऑनलाइन प्रणाली लागू की गई है. यात्री एसटी निगम की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से पास प्राप्त कर सकेंगे.
* मोबाइल में पीडीएफ भी मान्य
ऑनलाइन पास के लिए यात्रियों को आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी. प्रक्रिया पूरी होने के बाद पास उपलब्ध हो जाएगा. यात्री पास का प्रिंट निकालकर या मोबाइल में पीडीएफ के रूप में उसे यात्रा के दौरान प्रस्तुत कर सकेंगे. इससे पास लेने की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी होने की उम्मीद है.
* क्यूआर कोड से होगी तत्काल जांच
ऑनलाइन पास पर क्यूआर कोड दिया जाएगा. यात्रा के समय परिचालक की ईटीआईएम मशीन से क्यूआर कोड स्कैन कर पास की जांच की जाएगी. कोड स्कैन होते ही मशीन पर पासधारक का नाम, पास का प्रकार, वैधता अवधि और अन्य जरूरी जानकारी दिखाई देगी. इसके बाद यात्री के पहचान पत्र की जांच की जाएगी. पहचान की पुष्टि होने के बाद ही संबंधित पास पर यात्रा की अनुमति दी जाएगी.
* छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी सुविधा
डिजिटल पास व्यवस्था से यात्रियों को डिपो में लगने वाली कतार और भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर छुट्टियों और पर्यटन सीजन में जब बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं, तब घर बैठे पास उपलब्ध होने से यात्रियों का समय बचेगा और डिपो पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी. एसटी की इस ऑनलाइन सुविधा से पास प्राप्त करने से लेकर उसके सत्यापन तक की प्रक्रिया डिजिटल हो गई है. यात्रियों के लिए यह व्यवस्था यात्रा की तैयारी को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनाने वाली है.





