बडनेरा रेलवे स्टेशन पर बेसहारा मिली 80 वर्षीय दिव्यांग वृद्धा को मिला ‘आधार’
तीन दिन से प्लेटफॉर्म पर रह रही थीं, पुलिस की मदद से आधार शहरी बेघर निवारा केंद्र में कराया गया दाखिल

अमरावती/दि.3 – बडनेरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर तीन दिनों से बेसहारा हालत में रह रही करीब 80 से 85 वर्षीय दिव्यांग वृद्ध महिला को आधार शहरी बेघर निवारा केंद्र की टीम ने सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया. महिला का एक हाथ टूटा हुआ है और उन्होंने खुद को चालीसगांव निवासी बताया है.
अमरावती महानगरपालिका एवं राष्ट्रीय नागरी उपजीविका अभियान के अंतर्गत पब्लिक एज्युकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी, अमरावती द्वारा संचालित आधार शहरी बेघर निवारा केंद्र, बडनेरा की टीम शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर नियमित बेघर खोज अभियान चला रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर वृद्ध महिला दयनीय अवस्था में मिलीं. पूछताछ में महिला ने बताया कि वह तीन दिन पहले ट्रेन से बडनेरा रेलवे स्टेशन पहुंची थीं और तब से प्लेटफॉर्म पर ही रह रही थीं. उनका एक हाथ टूटा हुआ है. उन्होंने यह भी बताया कि उनका कोई रिश्तेदार या सहारा नहीं है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आधार केंद्र की टीम ने तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी. पुलिस की मदद से वृद्ध महिला को सुरक्षित रूप से आधार शहरी बेघर निवारा केंद्र, बडनेरा में पहुंचाया गया.
केंद्र में पहुंचने के बाद महिला को स्नान कराया गया, नए कपड़े दिए गए और गर्म भोजन उपलब्ध कराया गया. इसके साथ ही उनकी चिकित्सकीय जांच भी कराई गई. अब आधार केंद्र की टीम उनकी देखभाल करेगी. केंद्र के अध्यक्ष राजू बसवनाथे, संचालिका ज्योति राठोड़ और व्यवस्थापक शेख आसिफ ने बताया कि विश्व बेघर दिवस के अवसर पर 2 से 9 अक्टूबर तक प्रतिदिन बेघर खोज अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के दौरान वृद्ध महिला मिलीं और उन्हें सुरक्षित आश्रय दिया गया. उन्होंने कहा कि बेघर लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना ही केंद्र का मुख्य उद्देश्य है. वृद्ध महिला को मिले इस मानवीय सहारे के लिए आधार केंद्र की टीम की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है.





