बैंक केवल लेन-देन का केंद्र नहीं, विकास का भरोसा है

विधायक रवि राणा का प्रतिपादन

* बडनेरा में जनता सहकारी बैंक की नई शाखा का उद्घाटन
अमरावती/दि.14– अमरावती की जनता सहकारी बैंक लिमिटेड की नई शाखा का उद्घाटन रविवार को बडनेरा के सावता मैदान परिसर के सामने विधायक रवि राणा के हाथों संपन्न हुआ. समारोह में बैंक के पदाधिकारी, संचालक मंडल, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, ग्राहक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रवि राणा ने कहा कि बैंक केवल वित्तीय लेन-देन का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और विश्वास का आधार होते हैं. उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में बैंक स्थापित होता है, वहां उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं. बैंकिंग सेवाओं के साथ सामाजिक विकास और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलता है. उन्होंने जनता सहकारी बैंक से अपेक्षा जताई कि बैंक का रिश्ता ग्राहकों से केवल जमा और कर्ज तक सीमित न रहे, बल्कि उनके सुख-दुख में सहभागी बनने वाली संस्था के रूप में अपनी पहचान बनाए. उन्होंने कहा कि बैंक को बडनेरा के प्रत्येक परिवार के साथ विश्वास का रिश्ता कायम करना चाहिए. इस अवसर पर विधायक रवि राणा ने बैंक के संचालक मंडल से पुरानी बस्ती से नई बस्ती रेलवे ओवरब्रिज मार्ग पर वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया. बैंक के अध्यक्ष अविनाश बटुकले और संचालक मंडल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिया.
कार्यक्रम में बैंक के अध्यक्ष अविनाश बटुकले ने बताया कि जनता सहकारी बैंक ने ग्राहकों के विश्वास के बल पर वित्तीय क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. बैंक का करीब 149 करोड़ रुपये का कुल कारोबार, शून्य प्रतिशत नेट एनपीए और लगातार लाभ में रहने का रिकॉर्ड इसकी मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि नई शाखा शुरू होने से बडनेरा के नागरिकों, व्यापारियों और उद्यमियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी. समारोह में ज्ञानेश्वर (नाना) आमले, अनिल सुने, प्रशांत लाडोले, राजू इंगोले, संजय इंगोले, आप्पासाहेब बोबडे, संदीप कांबले, विलास वाडेकर, किरण अंबाडकर, छाया अंबाडकर, देविदास लांडे, प्रशांत लांडे, अजय लांडे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Back to top button