नाकाबंदी में 39 हजार रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त
दो गिरफ्तार, धारणी पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.14 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धारणी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम खंडवा जिले के गांदवा निवासी महेंद्र हरकचंद पाटीदार (38) और अंजनगांव तहसील के हंतोडा निवासी कार्तिक विपिन पटेल (24) है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर 13 जुलाई की रात पुलिस थाना धारणी की टीम ने वन नाका पर विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया. 14 जुलाई को तड़के करीब 2.30 बजे एक सफेद रंग की चारपहिया गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली गई. जांच के दौरान वाहन की डिक्की से 39 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ. इसके अलावा पुलिस ने 2.10 लाख रुपये कीमत का वाहन तथा ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम खंडवा जिले के गांदवा निवासी महेंद्र हरकचंद पाटीदार (38) और अंजनगांव तहसील के हंतोडा निवासी कार्तिक विपिन पटेल (24) है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों की धाराओं 123, 223, 271, 272, 274 और 275 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नारायण धांडे कर रहे हैं. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधवराव गरुड़ तथा पुलिस निरीक्षक अवतार सिंह चव्हाण के मार्गदर्शन में पुलिस थाना धारणी की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी.