शिक्षक निर्वाचन में बगावत पर भाजपा की कार्रवाई

चंद्रशेखर भोयर, संगीता शिंदे और सुमित पवार छह वर्ष के लिए निष्कासित

जिला महामंत्री नितिन गुडधे की प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त
अमरावती/दि. 12 – अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में महायुति के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ उम्मीदवारी कायम रखने वाले भाजपा नेताओं पर पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. भाजपा ने चंद्रशेखर भोयर, संगीता शिंदे और सुमित पवार को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है. वहीं भाजपा ग्रामीण जिला महासचिव नितिन गुडधे की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए उन्हें भी छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है. भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं विधायक प्रताप अडसड ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं.
* शिवसेना के खाते में गई है शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट
बता दें कि अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट महायुति में शिवसेना को दी गई है. इसके बावजूद भाजपा से जुड़े चंद्रशेखर भोयर, संगीता शिंदे और सुमित पवार ने महायुति के अधिकृत उम्मीदवार के विरोध में अपनी उम्मीदवारी कायम रखी. नामांकन वापस लेने की निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद भी तीनों ने अपने आवेदन वापस नहीं लिए. इसे पार्टी अनुशासन का उल्लंघन मानते हुए भाजपा ने उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की है.
* अनुशासनहीनता के चलते तीनों पर कार्रवाई
भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं विधायक प्रताप अडसड ने बताया कि महायुती का अधिकृत उम्मीदवार घोषित होने के बावजूद भोयर, शिंदे और पवार ने अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ली. पार्टी के निर्देशों की अवहेलना को अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है.
* नितिन गुडधे को नोटिस के बाद निष्कासन
भाजपा ग्रामीण जिला महासचिव नितिन गुडधे के खिलाफ भी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में अनुशासनहीनता के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. पार्टी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुई, जिसके बाद उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया.
विधायक प्रताप अडसड ने संबंधित पदाधिकारियों को पत्र के माध्यम से कार्रवाई की जानकारी दी. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निष्कासन के बाद संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं के वर्तमान संगठनात्मक पदों पर उनकी नियुक्तियां भी स्वतः समाप्त हो गई हैं.

 

Back to top button