मालवाहक ट्रक की बाइक को जोरदार टक्कर, दो युवकों की मौत

अमरावती-दर्यापुर मार्ग पर म्हैसपुर फाटा के पास भीषण हादसा

दुर्घटना के बाद चालक फरार, सड़क पर मिली वाहन की नंबर प्लेट
अमरावती /दि.12– अमरावती-दर्यापुर मार्ग पर म्हैसपुर फाटा के पास रविवार शाम एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही खोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस सड़क पर मिली नंबर प्लेट के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है. मृतकों के नाम ऋषिकेश संजय म्हैसने (27), संकेत गोपाल अवतीकार (25) है. दोनों अकोला जिले के बालापुर तहसील के रहने वाले है.
जानकारी के मुतबिक रविवार शाम एक मालवाहक ट्रक दर्यापुर से अमरावती की ओर जा रहा था. इसी दौरान दो युवक दोपहिया वाहन से अमरावती से अकोला जिले के बालापुर की ओर जा रहे थे. म्हैसपुर फाटा के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोपहिया वाहन पलट गया और उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े. गंभीर चोटें लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों के नाम देगांव निवासी ऋषिकेश संजय म्हैसने (27) और बारलिंगा निवासी संकेत गोपाल अवतीकार (25) है. दोनों अकोला जिले के बालापुर तहसील के निवासी बताए गए हैं.
* हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद मालवाहक ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया. हालांकि, टक्कर के दौरान ट्रक की नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई. पुलिस को घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग मिला है, जिसके आधार पर फरार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही खोलापुर पुलिस स्टेशन के थानेदार डॉ. अनूप वाकड़े और उपनिरीक्षक नितिन गावंडे पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेजा गया.
* खोलापुर पुलिस कर रही जांच
व्यस्त अमरावती-दर्यापुर मार्ग पर हुए इस हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. दो युवकों की असामयिक मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. थानेदार डॉ. अनूप वाकड़े के मुताबिक घटनास्थल पर मिली नंबर प्लेट के आधार पर संबंधित वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है. फरार चालक को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम प्रयास कर रही है. मामले की आगे की जांच खोलापुर पुलिस कर रही है.

Back to top button