शराब के लिए 100 रुपये मांगने पर दो परिवारों में खूनी संघर्ष

दरांती और लोहे की रॉड से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

दर्यापुर/दि.12 – महज 100 रुपये के विवाद ने दो परिवारों के बीच हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया. अमरावती जिले के दर्यापुर तहसील अंतर्गत नांदेड़ बुद्रुक में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना में दोनों तरफ के कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर हत्या के प्रयास के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस में दर्ज शिकायतों के मुताबिक 8 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे नांदेड़ बुद्रुक में मंदिर के बाहर विवाद हुआ. बताया गया है कि अमोल डोंगरदिवे (27) मंदिर के बाहर बैठा था. इसी दौरान भोला सकवार ने उससे शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.

* दरांती और लोहे के पाइप से हमला
अमोल डोंगरदिवे की शिकायत के अनुसार, भोला सकवार, राजू सकवार और एक महिला ने कथित तौर पर अमोल, उसकी मां और भाई पर दरांती तथा लोहे के पाइप से हमला किया. इस शिकायत के आधार पर दरियापुर पुलिस थाने में तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. वहीं, सूरज सकवार (30) की शिकायत के मुताबिक अमोल डोंगरदिवे, प्रदीप डोंगरदिवे और एक महिला कथित तौर पर जबरन उसके घर में घुस आए और लोहे की रॉड तथा दरांती से मारपीट की. शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाद सुलझाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के सदस्य भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए.

* दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज
घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर दरियापुर पुलिस ने अलग-अलग गंभीर मामले दर्ज किए हैं. पुलिस ने 10 अक्टूबर की सुबह कार्रवाई करते हुए अमोल डोंगरदिवे और प्रदीप डोंगरदिवे को गिरफ्तार कर लिया. मामले की आगे जांच की जा रही है.

 

Back to top button