इर्विन परिसर में पडा मिला अज्ञात बुजूर्ग का शव
गर्मी से संबंधित शहर में उष्माघात का एक और शिकार!

* शिनाख्त हेतु शव को रखा गया शवागार में
अमरावती/दि.29- जिले में लगातार बढते तापमान का कहर अब जानलेवा साबित होने लगा है. स्थानीय जिला सामान्य अस्पताल परिसर में मंगलवार की दोपहर 12 बजे के आसपास एक अज्ञात बुजूर्ग व्यक्ति का शव पडा दिखाई दिया. प्राथमिक अनुमान के मुताबिक उक्त व्यक्ति की मौत उष्माघात की वजह से होने का अनुमान व्यक्त किया गया है. इससे पहले भी जिला परिषद के मुख्य प्रवेशद्वार के समक्ष 65 वर्षीय आयु वाले बुजूर्ग का शव विगत रविवार को बरामद हुआ था और उसे भी उष्माघात के चलते होनेवाली मौत का मामला माना गया था. हालांकि अभी दोनों ही मामलों में मौते उष्माघात के चलते होने की पुष्टि नहीं हुई है.
बता दें कि, स्थानीय जिला सामान्य अस्पताल में कई ऐसे मरीज भी इधर से उधर घूमते दिखाई देते है. जिनके आगे-पीछे कोई भी नहीं होता. ऐसे मरीजों के लिए जिला सामान्य अस्पताल ही सबसे बडा आधार है और ऐसे कई लावारिस मरीज अस्पताल परिसर में ही रात बिताते है. इसी बीच जिला सामान्य अस्पताल के पिछले हिस्से में निर्माणाधीन इमारत के परिसर में एक बुजूर्ग व्यक्ति के जमीन पर पडे रहने की बात अस्पताल के कर्मचारियों के ध्यान में आई, जिन्होंने इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी. वरिष्ठ वैद्यकीय अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर मुआयना किए जाने पर ध्यान में आया कि, उक्त व्यक्ति की मौत हो चुकी है. 70 से 75 वर्ष आयु गुट वाले उस बुजूर्ग व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हुई है.
खास बात यह भी रही कि, मृतक के शरीर पर केवल टी-शर्ट ही पाया गया. ऐसे में उसकी अवस्था को देखते हुए उसके मानसिक रोगी रहने का अनुमान जताया जा रहा है. लगातार बढती धूप और पर्याप्त संरक्षण का अभाव रहने के चलते उसकी उष्माघात से मौत हो जाने का प्राथमिक निष्कर्ष निकाला गया है.
* अस्पताल परिसर में एक बुजूर्ग व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिसकी मौत का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है. शव को शिनाख्त एवं पोस्टमार्टम के लिए शवागार में रखा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उक्त व्यक्ति की मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा.
– डॉ. नरेंद्र सोलंके
आरएमओ, जिला सामान्य अस्पताल.





