भीषण गर्मी में राज्य पर बिजली संकट!
कोराडी, चंद्रपुर में तीन यूनिट बंद

* बिजली उत्पादन का चैलेंज बढा
नागपुर/दि.28 – राज्य में बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग 30 हजार मेगावॉट के करीब पहुंच गई है. उसी समय महानिर्मिती की कोराडी, चंद्रपुर और नाशिक स्थित तीन महत्वपूर्ण बिजली उत्पादन इकाइयाँ बंद हो गई हैं. ऐसे में यदि मांग और बढ़ती है तो बिजली आपूर्ति पर दबाव बढ़ सकता है, और लगातार बिजली आपूर्ति बनाए रखना बिजली तंत्र के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है.
विदर्भ सहित राज्य के कई हिस्सों में तापमान में भारी बढ़ोतरी हुई है और लोग गर्मी से परेशान हैं. गर्मी से राहत पाने के लिए एसी, कूलर, पंखे आदि उपकरणों का उपयोग बढ़ गया है. इसके अलावा कृषि पंपों के बढ़ते उपयोग के कारण भी बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है. सोमवार (27 अप्रैल 2026) दोपहर 2:20 बजे राज्य में बिजली की मांग 29,503 मेगावॉट दर्ज की गई, जिसमें मुंबई की लगभग 4 हजार मेगावॉट मांग शामिल थी. आने वाले दिनों में यह मांग और बढ़ने के संकेत हैं. इसी बीच, कोराडी परियोजना की यूनिट क्रमांक 8, नाशिक की यूनिट क्रमांक 4 और चंद्रपुर की यूनिट क्रमांक 7 विभिन्न कारणों से बंद हो गई हैं. इन इकाइयों में बिजली उत्पादन ठप होने से राज्य में अचानक मांग बढ़ने पर आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका विशेषज्ञों ने जताई है.
* महानिर्मिती से 6,847 मेगावॉट बिजली उत्पादन
राज्य की 29,503 मेगावॉट मांग में से लगभग 17,750 मेगावॉट बिजली उत्पादन हो रहा था. इसमें से महानिर्मिती की ओर से 6,847 मेगावॉट उत्पादन हो रहा था. इसमें तापीय परियोजनाओं से 6,311 मेगावॉट, उरण गैस परियोजना से 268 मेगावॉट, कोयना जलविद्युत परियोजना से 156 मेगावॉट और सौर ऊर्जा से 97 मेगावॉट उत्पादन शामिल है. निजी परियोजनाओं में जिंदल (947), अदानी (2,528), आयडियल (244), रतन इंडिया (1,299), बुटीबोरी (291) और एसडब्ल्यूपीजीएल (319 मेगावॉट) का योगदान था. इसके अलावा केंद्र के हिस्से से राज्य को 12,042 मेगावॉट बिजली मिल रही थी.
* इकाइयों के बंद होने के कारण
कोराडी की 660 मेगावॉट क्षमता वाली यूनिट क्रमांक 8 और चंद्रपुर की 500 मेगावॉट यूनिट क्रमांक 7 बॉयलर ट्यूब लीक होने के कारण बंद हैं, जबकि नाशिक की 210 मेगावॉट यूनिट क्रमांक 4 तकनीकी खराबी के कारण बंद है. कोराडी और नाशिक की मरम्मत मंगलवार तक, जबकि चंद्रपुर की मरम्मत बुधवार तक पूरी होने की संभावना है, ऐसी जानकारी महानिर्मिती के जनसंपर्क अधिकारी संतोष पुरोहित ने दी. इस बीच, मांग के अनुसार आवश्यक बिजली उपलब्ध कराने के लिए योजना बनाई गई है और बिजली आपूर्ति प्रणाली बाधित होने का कोई खतरा नहीं है, ऐसा दावा महावितरण के जनसंपर्क विभाग ने किया है.





