हत्या की सुपारी मामले में चिचफैल का युवक धरा गया

छ. संभाजी नगर में बिल्डर ने दी थी हत्या की सुपारी

* 65 वर्षीय दत्तात्रय ठोंबरे को चाकू मारकर किया गया था जानलेवा हमला
* हमले में अमरावती का कुख्यात अनिरूध्द श्रृंगारे भी था शामिल
* हर्सूल पुलिस ने लिया हिरासत में, पूछताछ हेतु लाया गया अमरावती
अमरावती/दि.13– छत्रपति संभाजी नगर में एक बिल्डर द्बारा 65 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी की हत्या करने हेतु सुपारी देने और फिर कुछ लोगों द्बारा उस सेवानिवृत्त कर्मी पर जानलेवा हमला करते हुए उसे जान से मार देने का प्रयास करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए छ. संभाजी नगर की हर्सुल पुलिस द्बारा मुख्य मास्टर माइंड रहनेवाले बिल्डर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिनमें अमरावती के चिचफैल परिसर से वास्ता रखनेवाला कुख्यात बदमाश अनिरूध्द श्रृंगारे भी शामिल है. जिसे गत रोज ही छ. संभाजी नगर पुलिस द्बारा अमरावती लाया गया था.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक छ. संभाजी नगर में रहनेवाले बिल्डर सुरेन्द्र कोलते ने करीब 15 साल पहले हर्सुल क्षेत्र में प्लाटिंग की थी और प्लाटिंग करते समय निर्धारित 20 फीट की बजाय केवल 10 फीट का रास्ता छोडा था. इस बात को लेकर 65 वर्षीय दत्तात्रय पांडुरंग ठोंबरे द्बारा लगातार शिकायतें करते हुए ठोंबरे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई जा रही थी. इस बात से बिल्डर कोलते काफी चिढा हुआ था. पुलिस के अनुसार बिल्डर कोलते ने अपने पेट्रोल पंप के मैनेजर भगवान सखाराम आदाने (50) के साथ मिलकर ठोंबरे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और ठोंबरे पर हमला करने का जिम्मा पेट्रोलपंप पर काम करनेवाले शुभम कारभारी कापडने (28) पर सौंपी गई. जिसके बाद शुभम ने अपने परिचय में रहनेवाले अमरावती के कुख्यात बदमाश अनिरूध्द श्रृंगारे से संपर्क कर उसे भी इस योजना में शामिल किया. पूरी योजना तैयार हो जाने के बाद दत्तात्रय ठोंबरे पर विगत 2 जुलाई की शाम अमरनाथ हाउसिंग सोसायटी के पास उस समय जानलेवा हमला किया गया, जब वे सिडको एसीपी कार्यालय से अपना काम निपटाकर दुपहिया वाहन पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. तभी एक मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया और जब एक जगह पर कीचड रहने के चलते ठोंबरे ने अपने दुपहिया वाहन की रफ्तार को धीमा किया, तो पीछे से आ रहे दोनों युवकों ने ठोंबरे की पीठ में चाकू से सपासप कई वार किए और ठोंबरे को गंभीर रूप से घायल करते हुए मौके से फरार हो गये. पश्चात दत्तात्रय ठोंबरे को इलाज हेतु घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इस पूरे मामले की सघन जांच पडताल करते हुए हर्सुल पुलिस ने पता लगाया कि यह सुपारी देकर हत्या करवाए जाने का मामला था. जिसका पर्दाफाश करते हुए हर्सुल पुलिस ने सुरेन्द्र कोलते, भगवान आदाने, शुभम कापटने तथा अनिरूध्द श्रृंगारे को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान पता चला कि वारदात के बाद अनिरूध्द श्रृंगारे ने खुद को मिली सुपारी की रकम में से अमरावती के चिचफैल क्षेत्र के रहनेवाले अपने परिचित नाबालिग को एक आयफोन व मोटर साइकिल उपहार के तौर पर दे दी. यह जानकारी मिलते ही हर्सुल पुलिस का एक दल अनिरूध्द श्रृंगारे को अपने साथ लेकर गत रोज अमरावती पहुंचा था. परंतु पुलिस के आने की भनक लगते ही उक्त नाबालिग अपने घर से फरार हो गया. पता चला है कि उक्त नाबालिग के खिलाफ इससे पहले भी कई अपराधिक मामले दर्ज है और उसे इससे पहले पकडकर बाल सुधारगृह में भी रखा गया था. जहां से चकमा देकर फरार हो गया था. ऐसे में अब हर्सुल पुलिस सहित अमरावती शहर पुलिस द्बारा भी उक्त नाबालिग की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

Back to top button