अमरावती विमानतल से कमर्शियल उडानों की वर्षपूर्ति

13771 आम यात्रियों ने किया हवाई सफर

* 262 सामान्य उडानें, 207 वीआईपी उडानें भी रही
* अगले माह से नाइट लैंडिंग!
अमरावती/दि.14 – अमरावती विमानतल से कमर्शियल उडानों की वर्षपूर्ति पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने यहां से हुई उडानों और लैंडिंग के आंकडे जारी करते हुए बताया कि, 262 नियमित उडानों से कुल 13771 यात्रियों ने हवाई सफर किया. वहीं अनियमित उडानों की संख्या भी 207 रही. जिनसे 545 वीआईपी लोगों ने हवाई सफर किया. अधिकारियों ने बताया कि, विमानतल पर रात में हवाई जहाज उतारने की व्यवस्था हो गई है. उसके सुरक्षा निरीक्षण हो गये हैं. जिससे अगले माह से यहां नाइट लैंडिंग शुरु हो जाएगी. ऐसे में अनियमित उडानों की संख्या तो बढने वाली है ही. अभी केवल मुंबई तक चल रही व्यावसायिक उडानों की संख्या भी निश्चित ही बढेगी. उल्लेखनीय है कि, अमरावती के जनप्रतिनिधियों ने पुणे, दिल्ली, हैदराबाद, बैंगलोर के लिए भी सीधी उडानों की मांग करते हुए हैवी ट्रैफिक का दावा किया है.
* ठीक एक बरस पहले शुरु हुआ हवाई सफर
अमरावती विमानतल ऑपरेटीव करने की डिमांड वर्षों से की जा रही थी. अनेकानेक जनप्रतिनिधियों ने इसके लिए सरकार के पास आवाज उठाई. ठीक एक साल पहले 16 अप्रैल 2025 को अमरावती से अलायंस एयर की मुंबई उडानों का शुभारंभ गाजे-बाजे से किया गया. देश के नागरी उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दोनों उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा अजीत पावार (दिवंगत) और गणमान्य के साथ ही महाराष्ट्र प्राधिकरण की सीईओ स्वाती पांडे की उपस्थिति में धूमधाम से अमरावती-मुंबई पहली उडान प्रारंभ की गई थी.
* वर्षपूर्ति, भरपूर यातायात
दो दिनों बाद अमरावती विमानतल कमर्शियल उडानों की वर्षपूर्ति होने जा रही है. अत: विमानतल अधिकारियों ने आंकडे जारी किये हैं. जिसके मुताबिक अमरावती-मुंबई कुल 262 नियमित उडानें पहुंची और टेकऑफ हुआ. लैंडिंग से 6757 कुल यात्री अमरावती विमानतल पर उतरे. वहीं 7014 यात्रियों ने अमरावती से उडान भरी.
* गैर निर्धारित उडानों की भी भरमार
पूरे वर्ष में गैर निर्धारित अर्थात नॉन शेड्यूल उडानों की भी बहुतायत रही. बडी संख्या में वीवीआईपी अमरावती विमानतल पर अपनी खास उडानों से पहुंचे. ऐसी उडानों की संख्या 267 रहने की जानकारी देते हुए विमानतल अधिकारियों ने बताया कि, इन अनिर्धारत उडानों से 545 यात्री पधारे और उडें. विशेष उडानों से 267 यात्री आये और 278 यात्री यहां से उडान भरे.
* तीन बार नहीं उडी फ्लाइट
तीन मौकों पर विशेष उडानें भी यहां से नहीं उड पायी. नाइट लैंडिंग और टेकऑफ की सुविधा नहीं होने के कारण ऐसा हुआ. वहीं बताया गया कि, अन्य वजह भी रही, जिससे उडानें समय पर नहीं जा सकी. एक बार तो विमान का इंधन का टैंकर कीचड में फंस जाने के कारण मुंबई की लौटती उडान रद्द करनी पडी थी. उसी प्रकार एक अवसर पर मुंबई और आसपास भारी बारिश के कारण समय पर अमरावती की फ्लाइट कैंसल होने से आने और जाने वाले दोनों ही ओर के यात्रियों को नाहक परेशानी झेलनी पडी थी.
* अब अन्य शहरों की आशा
अमरावती के लोगों को मुंबई सप्ताह में पांच फ्लाइट होने से राहत मिल रही है. विमान से मुंबई जाना-आना पसंद करने वाले यात्रियों की संख्या निश्चित ही बहुतायत में है. उसी प्रकार उडानों का शेड्यूल भी बदला गया है. उसका भी फायदा यात्रियों को हुआ. ऐसे में अब अगले माह से नाइट लैंडिंग शुरु होने की आशा व्यक्त की जा रही है. इसी के साथ अमरावती से पुणे, दिल्ली, हैदराबाद, बैंगलोर, अहमदाबाद, कोल्हापुर उडानों की आशा जागी है. अमरावती के बीजेपी नेता और राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल बोंडे ने पिछले दिनों संसद में अमरावती से एयर कनेक्टीविटी बढाने की मांग रखी है. जिसका मंत्री राम मोहन नायडू ने सकारात्मक रुख दर्शाया है. निश्चित ही इस वर्ष अमरावती से कुछ शहरों के लिए उडाने शुरु होने वाली है.

Back to top button