100 रुपये के विवाद में ममेरे भाई पर चाकू से हमला

युवक गंभीर घायल, कोतवाली थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.6– शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित औरंगपुरा में महज 100 रुपये के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही ममेरे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. घटना में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता मोनू उर्फ शेरद राम चव्हाण (35) मजदूरी का काम करता है. उसने सिटी कोतवाली थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 4 जून की रात करीब 11 बजे वह अंबादेवी क्षेत्र में सफाई का काम समाप्त कर घर लौटा था. घर पहुंचने के बाद मोहल्ले में उसकी मुलाकात उसके ममेरे भाई शैकर शरद चांदणे (22) से हुई.
शिकायत के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था. मोनू ने उससे पहले उधार दिए गए 100 रुपये वापस मांगे, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और फिर कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया. हमले में मोनू के कमर, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं. कमर में चाकू लगने से काफी रक्तस्राव हुआ. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए इरविन अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. मामले की आगे की जांच सिटी कोतवाली पुलिस कर रही है.

Back to top button