अमरावती से विविध शहरों की उडानों हेतु चर्चा शुरू
शीघ्र सबसे बडा फ्लाइंग ट्रेनिंग का परिचालन

* केन्द्रीय मंत्री राम मोहन नायडू का डॉ. बोंडे को उत्तर
अमरावती/ दि.17 – यहां के विमानतल रनवें को 3 हजार मीटर करने और दिल्ली, हैदराबाद, पुणे सहित प्रमुख शहरों के लिए अमरावती से सीधी उडाने शुरू करने की राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल बोंडे की मांग पर देश के नागरी उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने सकारात्मक उत्तर दिए हैं. संसद के पटल पर लिखित उत्तर में मंत्री महोदय ने कहा कि अमरावती से अनेक शहरों के लिए सीधी उडानों हेतु विविध एयरलाइन कंपनियों से बातचीत शुरू है. अति शीघ्र सबकुछ तय हो जायेगा. निश्चित ही अमरावती की विभिन्न शहरों से एयर कनेक्टिविटी बढेगी.
डॉ. अनिल बोंडे ने दो रोज पहले उच्च सदन में अमरावती विमानतल के रनवे के विस्तार और यहां से प्रमुख शहरों हेतु सीधी या कनेक्टिंग उडानों को शुरू करने की मांग रखी थी. अमरावती के विभागीय मुख्यालय और बढे शैक्षणिक केन्द्र होने के साथ यहां साकार हो रहे औद्योगिक प्रकल्प पीएम मित्र के कारण विमानतल का विकास चाहा. डॉ. बोंडे ने पुणे, गोवा, हैदराबाद, तिरूपति और बैंगलोर विमान सेवा शुरू करने के साथ मुंबई हेतु संचालित सप्ताह में 5 दिनों की सेवा के भी विस्तार एवं नियमित किए जाने की मांग रखी थी.
मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि विमानन कंपनियों से चर्चा जारी है. इसके लिए उडान योजना को लागू कर सरकार संबंधित एयर लाइन को टिकट मुआवजा देने के बारे में भी विचार करेगी. उन्होंने सदन को बताया कि अमरावती महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण और तेजी से विकसित होनेवाल विमानतल है. देश का सबसे बडा एफटीओ अर्थात विमान प्रशिक्षण केन्द्र यहां शुरू होने जा रहा है. एयर इंडिया के माध्यम से शुरू हो रहा एफटीओ एशिया में सबसे बडा रहनेवाला है. संसाधनों का काम लगभग पूरा हो गया है. विमान ऑपरेशन्स सुधारने महाराष्ट्र सरकार भी सक्रियता से काम कर रही है. केन्द्र सरकार पूर्ण योगदान कर रही है. अमरावती विमानतल का विकास विदर्भ में व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को गति देनेवाला रहेगा, ऐसा विश्वास केन्द्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने व्यक्त किया.





