‘तू तोरण द्वार पहुंच जा, वहां खडे बाबा श्याम…’

खाटू नरेश के भजनों की सतीधाम में झडी

* ठेठ खाटू से पधारे थे जसगायक आमिर अली
अमरावती /दि.16 – खाटू नरेश श्री श्याम बाबा के धाम से अंबानगरी पधारे जसगायक आमीर अली राजू खान ने गत रात सतीधाम में सैकडों श्याम प्रेमियों को भजनों-भक्ति गीतों से रिझाया. बडी संख्या में भाविक आमीर अली की प्रस्तुति पर झूम उठे थे.
आमिर अली का यहां के भाविकों के विशेष अनुरोध पर तीसरी बार जसगायन हेतु आगमन हुआ है. रविवार रात परतवाडा के श्याम मंदिर में भजन सरिता बहाई गई. सोमवार शाम 8 बजे से सतीधाम मंदिर में ‘अरदास श्याम से’ कार्यक्रम में अपने प्रसिद्ध भक्ति गीतों के साथ ही भजनों को पेश कर आमिर ने लोगों को श्याम भक्ति में सराबोर कर दिया. उनके भजनों में ‘तू तोरण द्वार पहुंच जा, वहां खडे बाबा श्याम…, हमारी राम राम कही जो खाटू वाला श्याम ने….’ सहित अनेक प्रसिद्ध पंक्तियों और धमार का समावेश रहा. देर रात्रि तक सैकडों स्त्री-पुरुष श्याम भक्त झूमते, थिरकते रहे. आनंद लेते रहें.
श्याम भक्तों की स्वयंस्फूर्ति पहल पर आयोजित आमिर अली के कार्यक्रम में पवित्र ज्योत जगाई गई. सुंदर दरबार के आगे नतमस्तक होने भाविकों की कतारे लग गई थी. स्थानीय वाद्य कलाकारों के साथ मिलकर आमिर अली ने बढिया भजनों की प्रस्तुति दी. इस समय नगरसेवक दीपक साहू सम्राट, नितिन अग्रवाल, सागर गुप्ता, कार्तिक साहू, कार्तिक सोनी, विजय कंसल, विजय जोशी, श्याम तिवारी, सतिधाम मंदिर के संजय झूनझूनवाला, जय जोशी और अनेकानेक भक्तों का आयोजन में योगदान रहा.

Back to top button