तापी नदी में डूबने से 16 वर्षीय आदिवासी छात्र की मौत
सोनाबर्डी गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा

नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया था शिवराज
अमरावती/दि.15 – धारणी तहसील के सोनाबर्डी गांव के पास तापी नदी में नहाने गए 16 वर्षीय आदिवासी छात्र की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. मृतक का नाम शिवराज दादू जांबेकर है. यह घटना 13 अक्टूबर की शाम को हुई. कम उम्र में छात्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
जानकारी के मुताबिक सोनाबर्डी गांव के पांच लोग 13 अक्टूबर को तापी नदी में नहाने के लिए गए थे. नहाते समय शिवराज नदी की गहरी धारा में चला गया और डूबने लगा. यह देखकर उसके साथ मौजूद चार अन्य लोग घबरा गए. वे तुरंत गांव की ओर दौड़े और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक शिवराज गहरे पानी में डूब चुका था. इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.
* तैरना नहीं जानता था शिवराज
शिवराज के पिता द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक उनके बेटे को तैरना नहीं आता था. इसके अलावा, उसका दाहिना हाथ भी काम नहीं करता था. ऐसे में नदी की गहरी धारा में जाने के बाद वह खुद को बचाने में असमर्थ रहा और डूबने से उसकी मौत हो गई.
* कक्षा 11वीं में पढ़ता था छात्र
शिवराज कक्षा 11वीं का छात्र था. पढ़ाई की उम्र में उसकी असमय मौत से परिवार और परिचितों में शोक व्याप्त है. तापी नदी में नहाने के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर नदी के गहरे पानी में उतरने से होने वाले खतरों की ओर ध्यान आकर्षित किया है.





