कर्जमाफी पाने वाले किसानों को दोबारा कर्ज दें
जिलाधिकारी आशिष येरेकर के निर्देश

जिले में केवल 35% किसानों को मिला दोबारा कर्ज
अमरावती/दि.15 – राज्य सरकार की कर्जमुक्ति योजना की तीसरी सूची में करीब 12 हजार किसानों को शामिल किया गया है. इन किसानों को कर्जमाफी का लाभ दिलाने और दोबारा कर्ज उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने सहकार विभाग को दिए हैं.
जिलाधिकारी कार्यालय में चांदुर रेलवे, धामनगांव रेलवे और नांदगांव खंडेश्वर तहसीलों में सूखा निवारण उपायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कर्जमाफी का लाभ मिलने के बाद केवल 35 प्रतिशत किसानों को ही दोबारा कर्ज मिल पाया है. शेष किसानों को कर्ज उपलब्ध कराने के लिए सहकार विभाग किसानों और बैंकों से संपर्क करे.
* पानी और चारे की उपलब्धता पर जोर
जिलाधिकारी ने जिले में संभावित जलसंकट को देखते हुए उपलब्ध जलसंग्रह का उचित नियोजन करने, सार्वजनिक कुओं में जल पुनर्भरण बढ़ाने और मौजूदा जलस्रोतों को मजबूत करने के निर्देश दिए. साथ ही टैंकर से जलापूर्ति की नौबत न आए, इसके लिए आवश्यक उपाय करने को कहा. आगामी दिनों में चारे की कमी रोकने के लिए मंदिरों और संस्थानों की जमीन पर चारा उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों को सहायता देने के निर्देश भी दिए गए. कम पानी में होने वाली रबी फसलों के उत्पादन के लिए कृषि विभाग मार्गदर्शन करेगा. इसके अलावा नहरों की मरम्मत, पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था, जलसंधारण और खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों के निर्माण पर जोर दिया गया. जिलाधिकारी ने महावितरण से किसानों को दिन में 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आह्वान किया.





