काटकुंभ में खेत से 5.712 किलो गांजा जब्त

2.85 लाख रुपये का गांजा बरामद,

ऑपरेशन कवच के तहत ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई
अमरावती/दि.15 – अमरावती जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्रामीण अपराध शाखा ने काटकुंभ में बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने एक खेत पर छापा मारकर गांजे की फसल बरामद की. इस कार्रवाई में कुल 5 किलो 712 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 2 लाख 85 हजार 600 रुपये बताई गई है. मामले में 48 वर्षीय आरोपी के खिलाफ चिखलदरा पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने ऑपरेशन कवच के तहत नशा विरोधी अभियान चलाकर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश अपराध शाखा को दिए थे. इसके तहत 13 अक्टूबर को एलसीबी दल को जानकारी मिली कि काटकुंभ निवासी देवीदास उर्फ धनराज तुलशीराम सतवासे (48) ने अपने खेत में गांजे की फसल उगाई है और उसे बेचने का इरादा रखता है. इस जानकारी के आधार पर अपराध शाखा के दल ने संबंधित खेत पर छापा मारा. खेत का निरीक्षण करने पर वहां गांजे की फसल पाई गई. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 5 किलो 712 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 85हजार 600 रुपये बताई जाती है. पुलिस ने आरोपी देवीदास उर्फ धनराज तुलशीराम सतवासे के खिलाफ मामला दर्ज किया है. प्रकरण की आगे की जांच चिखलदरा पुलिस कर रही है.

Back to top button