राजस्व अधिकारी को धक्का-मुक्की, 5 पर केस
मामला जब्त सिलेंडर उठा ले जाने का

दर्यापुर /दि.17 – शहर के अंजनगांव टी-प्वॉईंट पर रविवार को राजस्व महकमें के अधिकारियों द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडर की चेकिंग दौरान मंडल अधिकारी से धक्का-मुक्की, पंचनामा फाडने और पांच सिलेंडर जबरन ले जाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को पांच आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया. आरोपियों में शुभम पार्वे, उसके पिता दादाराव पार्वे, अब्दूल अमीन अब्दूल मोबीन, मोहम्मद जुनेद अब्दूल रउफ, मोहम्मद इमरान अब्दूल अमीन, जमजम हैदराबादी चिकन बिर्याणी शामिल है. आरोपियों पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाना. सरकारी अभिलेख फाडना, अवैध गैस सिलेंडर ले भागना आदि के तहत विभिन्न धाराएं दर्ज की गई है.
* जिलाधीश के आदेश
जिलाधीश आशीष येरेकर के निर्देश पर तहसीलदार के मार्गदर्शन में रविवार को मंडल अधिकारी के टीम ने अंजनगांव टी-प्वॉईंट पर कुछ होटलों पर घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल हो रहे हैं या नहीं, इसकी जांच शुरु की. तब होटल संचालकों ने एकत्र होकर राजस्व विभाग के दस्ते से हुज्जत की. उनसे छीनकर सरकारी कागजाद फाड दिये. मंडल अधिकारी राजेश मिरगे से धक्का-मुक्की की. शासकीय वाहन में जब्त कर रखे गये गैस सिलेंडर ले भागे.
* क्या कहते हैं तहसीलदार
दर्यापुर के तहसीलदार डॉ. रवींद्र कानडजे ने कहा कि, रविवार को होटल में घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध इस्तेमाल पाये जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई. कुछ होटल संचालकों ने कार्रवाई में बाधा पहुंचाई. इसलिए उनकी पुलिस में शिकायत की गई है. वहीं थानेदार सुनील वानखडे ने कहा कि, शिकायत पर होटल मालकों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है. जांच पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी.





