भगवान से मोह-माया की चीजें मत मांगो…

दिविजा फडणवीस का जन्माष्टमी संदेश हुआ वायरल

* सीएम फडणवीस की बेटी ने साझा किया विशेष वीडियो
* वीडियो में भगवद्गीता का सारगर्भिक संदर्भ बताया
मुंबई /दि.5- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की बेटी दिविजा फडणवीस द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है. इस वीडियो में दिविजा ने भगवान की भक्ति, प्रेम और समर्पण को लेकर संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि मनुष्य अक्सर भगवान से अपनी इच्छाओं और सांसारिक जरूरतों को पूरा करने की प्रार्थना करता है, लेकिन हमें यह भी विचार करना चाहिए कि भगवान हमसे क्या चाहते हैं.
वीडियो में दिविजा कहती हैं कि हम अक्सर भगवान से कहते हैं-‘हे भगवान, मेरा यह काम कर दो’, ‘मेरा वह काम पूरा कर दो.’ लेकिन क्या हमने कभी यह सोचा है कि भगवान हमसे क्या चाहते हैं? भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण के अनुसार जो भक्त प्रेम, भक्ति और स्नेह के साथ उन्हें फल, फूल, जल या एक पत्ता भी अर्पित करता है, वह उन्हें प्रिय होता है. दिविजा ने अपने संदेश में कहा कि भगवान को प्रसन्न करने के लिए ढेर सारे फूल, फल या महंगी वस्तुएं चढ़ाना जरूरी नहीं है. उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण भक्त का सच्चा प्रेम, श्रद्धा और भक्ति है. उन्होंने कहा कि भगवान के लिए संसार में भक्त के प्रेम और भक्ति से बढ़कर कुछ नहीं है. इसी भाव को जन्माष्टमी के अवसर पर आत्मसात करने का उन्होंने लोगों से आग्रह किया.
दिविजा ने लोगों से अपील की कि इस जन्माष्टमी पर कुछ समय निकालकर भगवान से केवल सांसारिक इच्छाएं और मोह-माया की चीजें मांगने के बजाय उन्हें अपना प्रेम, स्नेह और भक्ति अर्पित करें. साथ ही भगवान का चिंतन और साधना करने का प्रयास करें. उनका यह आध्यात्मिक संदेश सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आ रहा है. वीडियो के माध्यम से दिविजा ने जन्माष्टमी को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय श्रीकृष्ण के संदेश और भक्ति के वास्तविक अर्थ को समझने का आह्वान किया है.

Back to top button