एकनाथ शिंदे के भाषण के दौरान मंच पर अचानक भड़की आग

मंत्री प्रताप सरनाईक ने सूझबूझ से टाला बड़ा हादसा

* ठाणे में परिवहन विभाग के कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन के बाद जलती समई ने अचानक पकड़ी आग, मंत्री ने तुरंत फूल डालकर बुझाई लपटें
ठाणे/दि.5 – ठाणे में परिवहन विभाग और धर्मवीर आनंद दिघे महाराष्ट्र यात्री परिवहन चालक कल्याणकारी मंडल के एक कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का भाषण चल रहा था और मंच पर रखी समई अचानक तेज लपटों के साथ जल उठी. आग बढ़ती देख मंच पर मौजूद परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बिना समय गंवाए सूझबूझ दिखाई और पास रखे फूल उठाकर समई पर डाल दिए. उनकी तत्परता से आग तुरंत बुझ गई और मंच पर बड़ा हादसा टल गया.
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई थी. इसके बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंच से संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान मंच के एक हिस्से में रखी समई ने अचानक आग पकड़ ली. देखते ही देखते उससे तेज लपटें उठने लगीं. मंच पर मौजूद लोगों का ध्यान जैसे ही आग की ओर गया, स्थिति गंभीर होने लगी. हालांकि, इससे पहले कि आग विकराल रूप लेती, प्रताप सरनाईक ने बिना घबराए आसपास देखा और पास ही रखे फूलों को उठाकर जलती हुई समई पर डालना शुरू कर दिया. उनकी इस तत्काल कार्रवाई से आग बुझ गई. इससे मंच पर मौजूद नेताओं, अधिकारियों और अन्य लोगों ने राहत की सांस ली. यदि आग कुछ और समय तक जलती रहती तो मंच पर रखे अन्य सामान तक लपटें पहुंचने की आशंका थी. ऐसे में सरनाईक की सतर्कता से संभावित बड़ा हादसा टल गया.
मंच पर आग लगने और प्रताप सरनाईक द्वारा उसे बुझाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. कार्यक्रम के दौरान हुई इस अप्रत्याशित घटना ने कुछ क्षणों के लिए सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से किसी तरह के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.

Back to top button