रामकुंड में नहाते समय चार बच्चे गोदावरी में डूबे, 14 वर्षीय बच्चे की मौत

मुंबई से 40 लोगों का समूह धार्मिक यात्रा पर पहुंचा था नासिक

* तीन बच्चों को जीवित बचाया गया, शिर्डी जाने से पहले मातम में बदला सफर
नासिक /दि.5- नासिक के प्रसिद्ध रामकुंड क्षेत्र में गोदावरी नदी में स्नान करने के दौरान चार बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. घटना का पता चलते ही स्थानीय नागरिकों और जीवनरक्षक दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 14 वर्षीय गोपाल गुप्ता की डूबने से मौत हो गई. इस हादसे से रामकुंड परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर भारत के रहने वाले और पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहे करीब 40 लोगों का समूह धार्मिक पर्यटन के लिए नासिक आया था. समूह का कार्यक्रम सुबह गोदावरी नदी में स्नान करने के बाद शिर्डी जाने का था. इसी कार्यक्रम के तहत समूह के कुछ लोग रामकुंड परिसर में गोदावरी नदी में स्नान करने के लिए उतरे थे. इसी दौरान चार बच्चे अचानक पानी में डूबने लगे. चारों बच्चों को पानी में डूबते देखकर साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जीवनरक्षक दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया. जीवनरक्षकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई. हालांकि, गोपाल गुप्ता को बचाया नहीं जा सका.

Back to top button