कर वसूली को लेकर राजनीति न करें

शहर के विकास के लिए संपत्ति धारक कर भरें

* मनपा सभागृह नेता चेतन गावंडे का अनुरोध
अमरावती/दि.6 – अमरावती शहर में संपत्ति कर वसूली को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा दिया गया वक्तव्य पूरी तरह से राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित तथा नागरिकों को गुमराह करने वाला है. अमरावती मनपा की आर्थिक स्थिति को सक्षम बनाए रखने के लिए संपत्ति कर एवं अन्य करों की वसूली करना प्रशासन की कानूनी और आवश्यक जिम्मेदारी है. इसलिए किसी भी नागरिक अथवा करदाता को ऐसे राजनीतिक आवाहनों के प्रभाव में आए बिना नियमित रूप से कर भरना चाहिए, ऐसा आवाहन अमरावती मनपा के सभागृह नेता तथा पूर्व महापौर चेतन गावंडे ने किया है.
गावंडे ने कहा कि शहर के विकास के लिए सड़कें, जलापूर्ति, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, स्वास्थ्य सेवाएं आदि मूलभूत सुविधाओं हेतु बड़े पैमाने पर निधि की आवश्यकता होती है. यह निधि मुख्य रूप से संपत्ति कर के माध्यम से उपलब्ध होती है. इसलिए कर भरना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और शहर के विकास के लिए इसका महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है. मनपा प्रशासन ने बकायादारों से कर वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. सामान्य नागरिकों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए, लेकिन बड़े बकायादारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, शासकीय संस्थाओं तथा अन्य कर बकाया रखने वालों पर भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. कानून के समक्ष सभी समान हैं. किसी को भी राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए. मनपा की आर्थिक स्थिति मजबूत हुए बिना नागरिकों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकतीं. इसलिए कर भरने वाले ईमानदार नागरिकों का सम्मान बनाए रखते हुए बकायादारों से राजस्व की वसूली करना समय की आवश्यकता है.
इस अभियान में सभी प्रकार के बकायादारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. किसी को भी अलग न्याय नहीं दिया जा रहा है. कर वसूली कानून के दायरे में रहकर पारदर्शी तरीके से की जा रही है और इसमें राजनीति लाना उचित नहीं है. अमरावती के नागरिक किसी भी अफवाह या राजनीतिक बयान पर विश्वास न करते हुए अपनी संपत्ति का कर समय पर भरकर मनपा को सहयोग करें, ऐसा आवाहन चेतन गावंडे ने किया है. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कर वसूली से प्राप्त होने वाली निधि का उपयोग शहर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं में वृद्धि तथा अमरावती को अधिक सक्षम और विकसित शहर बनाने के लिए किया जाएगा.

Back to top button