नांदगांव खंडेश्वर के किसान एक सप्ताह से बारिश के लिए कर रहे प्रार्थना

8 जुलाई से नहीं है संपूर्ण तहसील में एक बूंद बारिश

नांदगांव खंडेश्वर/दि.16 – खरीफ सीजन की शुरुआत में अच्छी बारिश मिलने के बाद अब नांदगांव खंडेश्वर तहसील में पिछले आठ दिनों से बारिश नहीं होने से किसान चिंता में हैं. लगातार धूप और मिट्टी में घटती नमी के कारण बोई गई फसलें मुरझाने लगी हैं. ऐसे में किसान अच्छी बारिश की कामना करते हुए भगवान पांडुरंग से प्रार्थना कर रहे हैं.
किसानों का कहना है कि उन्होंने महंगे दामों पर बीज खरीदकर बुआई की थी. कई किसानों के खेतों में बीज अंकुरित नहीं होने से दोबारा बुआई करनी पड़ी. इसके बाद हुई बारिश रुक जाने से अब फसलों पर सूखे का संकट मंडराने लगा है. खेतों की मिट्टी सूख रही है और दोपहर की तेज धूप में पौधे प्रभावित हो रहे हैं. तहसील में 8 जुलाई के बाद से बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी है. इसके कारण खेतों में तननाशक दवाई का छिड़काव भी प्रभावित हुआ है और फसलों की बढ़वार पर असर पड़ रहा है.
* कृषि विभाग की सलाह
तहसील कृषि अधिकारी विकास पाटिल ने किसानों को सलाह दी है कि यदि खेतों में नमी कम हो गई हो तो हल्की गुड़ाई और जुताई करें. जहां सुरक्षित सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, वहां दोपहर में पौधों के मुरझाने पर हल्की स्प्रिंकलर सिंचाई करें. यदि सात से दस दिन तक वर्षा नहीं होती है तो सुबह या शाम के समय एक प्रतिशत पोटैशियम नाइट्रेट अथवा 19:19:19 उर्वरक का पर्णीय छिड़काव किया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि सूखे की स्थिति में मिट्टी की नमी और जड़ों की वृद्धि बनाए रखना बेहद जरूरी है. अधिक तापमान और फसल पर तनाव की स्थिति में तननाशक दवाईयों का प्रयोग नहीं करना चाहिए.
* मंडलवार वर्षा की स्थिति
कृषि विभाग के अनुसार, खरीफ सीजन की शुरुआत में नांदगांव खंडेश्वर तहसील में अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन इसके बाद वर्षा का सिलसिला थम गया. जून और जुलाई में विभिन्न मंडलों में दर्ज वर्षा के आंकड़े भी सामान्य से कम रहे हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. अब किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि खरीफ फसलों को नुकसान से बचाया जा सके.

Back to top button