जुडवां शहर में पहली बार ‘योगी पैटर्न’ वाली कार्रवाई
अयान अहमद के घर पर चला बुलडोजर

* पालिका प्रशासन ने घर पर लगी लोहे की सीढी तोडी
* नजूल की जगह पर बने घर को तोडने जारी किया 7 दिन का नोटिस
परतवाडा/दि.15 – कई नाबालिग युवतियों को प्रेमजाल में फांसते हुए उनका यौन शोषण करने तथा उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में नामजद मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद के घर पर आज तोडू कार्रवाई करने हेतु सीधे बुलडोजर भेज दिया गया. जिसके चलते परतवाडा के गटरमलपुरा परिसर में काफी देर तक अच्छा-खासा हंगामा मचा रहा. हालांकि अचलपुर पालिका प्रशासन द्वारा भेजे गए इस बुलडोजर के जरिए आरोपी अयान अहमद के दो मंजिला घर पर बाहर की ओर से लगी लोहे की सीढी को तोड दिया गया. साथ ही नजूल की जगह पर बने अयान अहमद के घर को तोडने हेतु पालिका प्रशासन द्वारा 7 दिन की नोटिस जारी की गई. जिसमें स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी गई कि, 7 दिन के भीतर नजूल की जमीन पर बने घर को लेकर समाधानकारक स्पष्टीकरण नहीं दिए जाने पर पालिका प्रशासन द्वारा इस घर को तोडकर जमींदोज कर दिया जाएगा. साथ ही संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
बता दें कि, अचलपुर के गटरमलपुरा परिसर में रहनेवाले अयान अहमद के खिलाफ बेहद संगीन व संवेदनशील मामला दर्ज होते ही उसके खिलाफ कडी से कडी कार्रवाई किए जाने की मांग जोर पकडने लगी थी. इसी बीच अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रवीण तायडे ने अचलपुर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि, जिस जगह पर आरोपी अयान अहमद का घर है. वह जगह नजूल की जमीन है और उस पर अवैध तरीके से दो मंजिला मकान का निर्माण किया गया है. इस जानकारी के सामने आते ही अचलपुर पालिका प्रशासन के तोडू दस्ते ने परतवाडा पुलिस की मदद लेते हुए कडे पुलिस बंदोबस्त के बीच अपने बुलडोजर को अयान अहमद के घर की ओर रवाना किया. जिसके बाद बुलडोजर एवं तोडू दस्ते ने अयान अहमद के घर के पास पहुंचते हुए घर के निर्माण कार्य और जमीन की नापजोख की तथा अयान अहमद के घर पर 7 दिन की नोटिस चिपकाने के साथ ही घर के बाहरी हिस्से में बनाई गई लोहे की सीढी को बुलडोजर की मदद से तोड डाला. इस समय इस परिसर मेन तमाशबिनों की अच्छी-खासी भीडभाड भी लगी हुई थी. जिसके चलते परतवाडा पुलिस के दल को हालात नियंत्रित करने हेतु काफी मशक्कत भी करनी पडी.
* कुछ बच्चों ने तोडू दस्ते पर की पत्थरबाजी
खास बात यह रही कि, जिस समय अचलपुर नगर परिषद का तोडू दस्ता बुलडोजर लेकर अयान अहमद के घर पर पहुंचा और जब वहां पर तमाशबिनों की अच्छी-खासी भीडभाड इकठ्ठा हो गई, तब अचानक ही 13 से 14 वर्ष की आयु वाले करीब 8 से 10 बच्चों ने मौके पर उपस्थित लोगों पर पत्थरबाजी करनी शुरु कर दी. जिसकी जानकारी मिलते ही बंदोबस्त में तैनात पुलिस कर्मियों ने जब उन बच्चों को हडकाया, तो वे सभी बच्चे तुरंत ही मौके से भाग निकले. जिनकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है.





