वायरल वीडियो मामले में और दो आरोपी चढे पुलिस के हत्थे
अयान अहमद व उजेर खान के बाद अब सहाद व तबरेज को पकडा गया

* गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पहुंची 4 पर, चारों से पूछताछ जारी
* ग्रामीण एसपी विशाल आनंद खुद दे रहे मामले में ध्यान
* परतवाडा पुलिस चला रही जबरदस्त सर्च ऑपरेशन
* चारों आरोपियों के मोबाइल फोन सहित संपर्क सूत्र खंगाले जा रहे
* आरोपियों की संख्या में और भी इजाफा होने की उम्मीद
अमरावती/दि.15 – जिले के अचलपुर-परतवाड़ा क्षेत्र में युवतियों के कथित यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल मामले में जहां कल देर रात उजेर खान नामक दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी, वहीं आज सुबह परतवाडा पुलिस एवं ग्रामीण अपराध शाखा ने मो. सहाद मो. साबीर (22) व तबरेज खान तस्लीम खान (24, अचलपुर) नामक दो और आरोपियों को धर दबोचा. जिसके चलते इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 4 पर जा पहुंची है. साथ ही अब ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने इस मामले की जांच हेतु विशेष जांच पथक का गठन भी किया है.
बता दें कि, दो दिन पूर्व उजागर हुए जुडवां शहर के सेक्स स्कैंडल मामले में त्वरीत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अयान अहमद तनवीर अहमद नामक 19 वर्षीय युवक को अपनी हिरासत में लिया था. जिसके मोबाइल से कई युवतियों के अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी. साथ ही यह भी पता चला था कि, अयान अहमद ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अचलपुर व परतवाडा सहित आसपास के अन्य कुछ शहरों में रहनेवाली युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसा था. जिनके साथ जबरन यौन संबंध बनाते हुए अयान अहमद ने उनके अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए थे. जिन्हें स्नैपचैट सहित अन्य कई सोशल मीडिया माध्यमों पर वायरल किया गया था. इस मामले में गिरफ्तारी के बाद अयान अहमद तनवीर अहमद से बेहद कडाई के साथ पूछताछ की गई. जिसके उपरांत सामने आई जानकारी के आधार पर उजेर खान इकबाल खान (22 वर्ष) को अचलपुर से गिरफ्तार किया गया है. साथ ही साथ आज सुबह मो. सहाद मो. साबीर (22) व तबरेज खान तस्लीम खान (24, अचलपुर) नामक अन्य दो आरोपियों की भी गिरफ्तारी की गई. ऐसे में अब इस मामले में पकडे गए आरोपियों की संख्या 4 पर जा पहुंची है और चारों आरोपियों से बेहद कडाई के साथ पूछताछ करते हुए मामले के साथ जुडे अन्य आरोपियों का पता लगाया जा रहा है.
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि, मुख्य आरोपी को अदालत ने 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा है. इस दौरान मोबाइल से डिलीट डेटा, फोटो और वीडियो रिकवर करने के लिए फॉरेंसिक जांच की जा रही है.
* 8 पीड़ितों की पहचान, और बढ़ सकती है संख्या
वहीं दूसरी ओर अब तक जांच में 8 युवतियों की पहचान हो चुकी है. हालांकि पुलिस का मानना है कि पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है. फिलहाल किसी भी पीड़ित या उनके परिजनों ने आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है.
* 18 वीडियो और 39 फोटो सामने आए
पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के मुताबिक, जांच के दौरान अब तक 18 आपत्तिजनक वीडियो और 39 फोटो सामने आए हैं. ये सामग्री सोशल मीडिया और टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से प्रसारित होने की आशंका है. साइबर सेल की मदद से इनकी जांच की जा रही है.
* सुओमोटो केस दर्ज, जांच तेज
पीड़ितों की ओर से शिकायत न मिलने के बावजूद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर (सुओमोटो) मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि यदि पीड़ित आगे आकर शिकायत दर्ज कराते हैं तो और गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं. पीड़ितों तक पहुंचने और उन्हें सहयोग देने के लिए तीन महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम बनाई गई है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ितों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
* राजनीतिक एंगल की भी जांच
मामले में आरोपियों के संभावित राजनीतिक संबंधों की भी चर्चा है, जिसके चलते मामला और संवेदनशील हो गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री को साझा न करें और किसी भी जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें.





