भीषण गर्मी का प्रकोप, उपकरण मार्केट में तेजी
जिले में रोज 150 एसी की सेल

* कूलर की बजाय अब एयर कंडिशनर बने पसंदीदा
* खाडी युद्ध के कारण रेट 15-20 प्रतिशत बढे
* कूलर, एसी की सेल में भी 30 प्रतिशत का इजाफा
अमरावती/दि.15 – पश्चिम विदर्भ में चल रही भीषण हीट वेव के कारण जहां जीना दुश्वार हो गया है. हर कोई परेशान हो रहा है. आसमान से मानो आग बरस रही है. ऐसे में कूलर, एसी की सेल रफ्तार पकड चुकी है. शहर में रोज 100 और जिले मे 150 से अधिक एसी की विक्री होने की जानकारी विभिन्न कंपनियों के स्थानीय वितरक दे रहे हैं. उनका यह भी कहना है कि, खाडी युद्ध के कारण अनेक चीजों के दाम बेतहाशा बढने से एसी और टीवी सेट के रेट में 15 से 20 प्रतिशत की तेजी आयी है. वहीं यह भी दावा मार्केट के जानकार कर रहे हैं कि, कूलर और एसी की सेल पिछले वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत बढ गई है.
* भयंकर धूप, हर कोई ठंडक की चाह में
अमरावती संभाग में सूर्यदेव कुपित दिखाई दे रहे हैं. दिनोंदिन पारा चढ रहा है. अधिकतम तापमान 44 डिग्री हो गया है. ऐसे में लोगों को रेफ्रिजरेटर और कूलर-एसी की डिमांड करते देखा जा रहा है. अमरावती के अनेक प्रमुख कंपनियों के वितरक मानते है कि, सेल बढी है. आशा से अधिक मात्रा में एसी की खरीदी लोग कर रहे हैं.
* कूलर से अधिक एसी पर जोर
बाहेती इंटरप्राइजेस के निखिल बाहेती ने बताया कि, इन दिनों ट्रेंड बदला है. हाल के वर्षों में लोग कूलर की बजाय एसी खरीदी पर बल दे रहे हैं. इसके कारण भी पिछले कुछ दिनों से दर्जनों की संख्या में एसी की सेल अमरावती में हो रही है. आगामी मई माह की गर्मी में सेल बढने की संभावना भी निखिल बाहेती ने व्यक्त की.
* दाम बढे, फिर भी सेल बढी
केडिया मॉल्स के संचालक नीरज केडिया ने बताया कि, खाडी युद्ध की वजह से एसी और टीवी सेट के रेट में 10-15 प्रतिशत की बढोत्तरी हुई है. फिर भी सेल कायम है. अपितु बढ रही है. उन्होंने बताया कि, कूलर की तुलना में लोग एसी को प्रिफरंस दे रहे हैं. इसकी वजह है. नये दौर के कूलर्स और एसी के दाम में अधिक फर्क नहीं है. दूसरी बडी वजह अनेक घरों में सोलर पैनल लग जाना है. जिसके कारण बिजली बिल से उपभोक्ताओं को राहत मिल रखी है. फलस्वरुप लोग एसी की कूल-कूल हवा में रहना पसंद कर रहे हैं. अमरावती के सभी वितरकों मुरली इलेक्ट्रॉनिक्स, मॉडर्न ट्रेडिंग कंपनी, पूनम इलेक्ट्रॉनिक्स, हरिश इलेक्ट्रॉनिक्स सभी में ग्राहक उमडे हैं. जमकर एसी खरीदें जा रहे हैं. गर्मी का प्रकोप आने वाले दिनों में बढता प्रतीत हो रहा है.





