मोर्शी में माता-पालक संघ का गठन
शिवाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई बैठक

मोर्शी /दि.6- श्री शिवाजी शिक्षण संस्था, अमरावती द्वारा संचालित शिवाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोर्शी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए माता-पालक संघ का गठन किया गया. विद्यालय के प्राचार्य श्रीकांत देशमुख की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में माता-पालक संघ का गठन कर सत्र की पहली बैठक भी संपन्न हुई.
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष प्रीतीताई देशमुख, माता-पालक संघ की प्रमुख राजश्री भुयार, छात्रा प्रमुख नयन भुसारी, माता-पालक संघ की कार्यवाहक शिक्षिका विशाखा ठाकरे, उपप्राचार्य मिलिंद ढाकुलकर, वरिष्ठ शिक्षक अशोक चौधरी तथा शिक्षक प्रतिनिधि संदीप ठाकरे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्रीकांत देशमुख ने अभिभावकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक और सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बेहतर समन्वय से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है. उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, अध्ययन की आदत और घर पर सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया.
विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष प्रीतीताई देशमुख ने भी उपस्थित माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पालक संघ विद्यालय और अभिभावकों के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करता है. उन्होंने बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के प्रत्येक शैक्षणिक और सहशैक्षणिक कार्यक्रम में सहयोग देने का आग्रह किया. बैठक में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में माता-पालकों ने सहभागिता करते हुए विद्यालय की गतिविधियों और विद्यार्थियों के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी व्यक्त किए. कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्राजक्ता जोशी ने किया.