वेलकम पॉइंट की अव्यवस्था पर पूर्व पालकमंत्री जगदीश गुप्ता ने उठाई आवाज

ट्रैवल्स बसों की भीड़, यातायात जाम और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर जताई चिंता, पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

अमरावती /दि.25- अमरावती शहर के नागपुर रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-6 पर बने वेलकम पॉइंट (पावर हाउस) क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्था, यातायात जाम और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर पूर्व पालकमंत्री एवं पूर्व राज्य मंत्री जगदीश गुप्ता ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है. उन्होंने इस संबंध में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है.
ज्ञापन में बताया गया है कि अमरावती से पुणे, मुंबई, नाशिक, औरंगाबाद, हैदराबाद सहित विभिन्न शहरों के लिए संचालित निजी ट्रैवल्स बसों का प्रमुख चढ़ने-उतरने का स्थान वेलकम पॉइंट बना हुआ है. प्रतिदिन सैकड़ों यात्री इसी स्थान से यात्रा करते हैं. शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक यहां यात्रियों, बसों और निजी वाहनों की अत्यधिक भीड़ होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है.
पूर्व मंत्री जगदीश गुप्ता ने कहा कि ट्रैवल्स कंपनियों के कुछ एजेंटों और चालकों द्वारा मनमानी तरीके से वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. इसके अलावा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में भी वृद्धि हो रही है. शराब और अन्य मादक पदार्थों की कथित अवैध बिक्री, असामाजिक तत्वों का जमावड़ा तथा गुंडा प्रवृत्ति के लोगों की बढ़ती मौजूदगी यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गई है. उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यदि समय रहते इस स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी आपराधिक घटना, दुर्घटना या जनहानि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
ज्ञापन में मांग की गई है कि वेलकम पॉइंट क्षेत्र में नियमित रूप से यातायात पुलिस की तैनाती, बंदोबस्त वाहन की व्यवस्था तथा आवश्यकता अनुसार स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की जाए. इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी. पूर्व मंत्री जगदीश गुप्ता ने यह भी उल्लेख किया कि इसी विषय को लेकर 13 अक्टूबर 2025 को भी पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि नागरिकों और यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि वेलकम पॉइंट क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्था पर स्थायी रूप से नियंत्रण पाया जा सके और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध हो सके.

Back to top button