अवैध रेत परिवहन करते ट्रक समेत 51 लाख का माल जब्त
तलेगांव दशासर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अमरावती/दि.25– तलेगांव दशासर पुलिस स्टेशन ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाइवा ट्रक समेत कुल 51 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया है. इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार जिले में अवैध जुआ, शराब बिक्री, हाथभट्टी, अवैध रेत परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत तलेगांव दशासर पुलिस ने यह कार्रवाई की.
जानकारी के अनुसार, 24 मई की रात तलेगांव दशासर पुलिस स्टेशन की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अवैध रूप से रेत परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में तलेगांव बस स्टॉप के पास कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस ने टाटा हाइवा ट्रक क्रमांक एमएच-28/बीबी-6066 को रोका. जांच में ट्रक में बिना रॉयल्टी की 10 ब्रास काली रेत पाई गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 50 लाख रुपये कीमत का ट्रक और 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत की रेत जब्त की. कुल जब्ती 51 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है.
पुलिस ने चालक इमरान खान रहमत खान (31, निवासी मलकापुर, शेंदुरजनाघाट, वरुड) तथा ट्रक मालिक अजय शामरावजी धवले (27, निवासी दस्तूरनगर, अमरावती) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम तथा मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनिल पवार तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखेड़े के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में तलेगांव दशासर पुलिस स्टेशन के थानेदार किरण औटे, पुलिस हेड कॉन्स्टेबल अमर काले तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने भाग लिया.





