गुजराती एजुकेशन सोसायटी के चुनाव 28 जून को

प्रा. हितेंद्र धाबलिया चुनाव अधिकारी नियुक्त

* परसों से नामांकन, जरुरी हुआ तो तीन बैलेट पर लिया जाएगा मतदान
* अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व 12 पदों के लिए होड
* 603 सभासदों की फाइनल वोटर लिस्ट
अमरावती/दि.3 – गुजराती एजुकेशन सोसायटी की नई कार्यकारिणी समिति के गठन हेतु त्रैवार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है. संस्था के अंतर्गत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा 12 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव किया जाएगा. कुल 603 सभासदों की फाइनल वोटर लिस्ट परसों 5 जून को जारी हो जाएगी. उसी के साथ उपरोक्त 14 पदों के लिए नामांकन प्रारंभ हो जाएंगे, यह जानकारी चुनाव अधिकारी प्रा. हितेंद्रभाई धाबलिया ने अमरावती मंडल से चर्चा दौरान दी. उल्लेखनीय है कि, प्रा. हितेंद्रभाई को सहयोग के लिए सहायक अधिकारियों के रुप में राजेंद्रभाई मालविया, रमेशभाई कामगार, खुशाल पटेल, सुरेशभाई माखेचा, राजेंद्रभाई श्रॉफ को जिम्मेदारी दी गई है. संस्था के निर्धारित समय से लगभग 10 माह विलंब से इलेक्शन कराए जाने की जानकारी दी गई.
* वर्तमान कार्यकारिणी
सोसायटी की वर्तमान कार्यकारिणी में अध्यक्ष सुरेशभाई राजा, भरतभाई भायानी, किरणभाई आडतिया, राजेशभाई देसाई, हितेंद्र धाबलिया, मिलन गांधी, सीए राजेश पटेल, परेशभाई राजा, धर्मेशभाई गगलानी, डॉ. नितिन सेठ, नीलेशभाई शाह, रजनीकांत शाह और तुषारभाई श्रॉफ का समावेश है. सभी 2022 के इलेक्शन में भारी वोट लेकर विजयी हुए थे. उसी प्रकार दो स्वीकृत सदस्यों में मुकेशभाई गगलानी और सुधीरभाई शाह का मनोनयन किया गया था.
* 4 हजार से अधिक विद्यार्थी
दि गुजराती एज्युकेशन सोसायटी अंतर्गत मणिबाई गुजराती हाईस्कूल अंबापेठ, सुलोचनाबेन त्रिकमदास कापडिया जूनियर कॉलेज, शोभानाबेन सेठिया इंग्लिश स्कूल और अन्य संस्था कार्यरत है. चार हजार से अधिक विद्यार्थी यहां माध्यमिक और उच्च माध्यमिक व कनिष्ठ महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं. सोसायटी का पिछला चुनाव 3 जुलाई 2022 को हुआ था. तीन वर्ष का कार्यकाल रहता है. उस द़ृष्टि से सोसायटी के चुनाव को इस बार करीब 10 माह विलंब हो गया है.
* इस प्रकार है चुनाव कार्यक्रम
घोषित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रकाशन 5 जून को सुबह 11.30 बजे किया जाएगा. मतदाता सूची में संशोधन अथवा आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 5 एवं 6 जून शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 8 जून को शाम 5 बजे किया जाएगा. नामांकन पत्र 9 जून से 11 जून तक शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेंगे. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 जून शाम 6 बजे तय की गई है. उसी दिन शाम 6.30 बजे पात्र उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी. उम्मीदवार 13 जून से 15 जून तक शाम 6 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. अंतिम उम्मीदवार सूची 15 जून को शाम 7 बजे जारी की जाएगी. यदि चुनाव की आवश्यकता हुई तो गुप्त मतदान पद्धति से मतदान 28 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराया जाएगा. मतगणना उसी दिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे.
* मणिबाई स्कूल में होगा कार्यालय
चुनाव से संबंधित सभी कार्यों के लिए चुनाव अधिकारी का कार्यालय मणीबाई गुजराती हाई स्कूल में स्थापित किया जाएगा. यह कार्यालय 5 जून से 15 जून तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक कार्यरत रहेगा. चुनाव अधिकारी प्रो. हितेंद्र नरभेराम धाबलिया ने सभी सदस्यों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है. संस्था की नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष का एक पद, उपाध्यक्ष का एक पद तथा कार्यकारिणी सदस्य के 12 पदों का निर्वाचन किया जाएगा.
* 1936 में स्थापित संस्था
संस्था की स्थापना 90 वर्ष पूर्व 1936 में की गई थी. गत 9 दशकों से यह संस्था शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी रहते हुए, सामाजिक उपक्रमों में भी सहभागी होने के साथ अमरावती शहर में लोकप्रिय संस्था के रुप में कार्यरत है और प्रसिद्ध है. 50 वर्षों से संस्था में चुनाव के माध्यम से ही कार्यकारिणी का चयन हो रहा है. 611 वोटर्स रहने की जानकारी देते हुए बताया गया कि, दि गुजराती एज्युकेशन सोसायटी ने विकास के पडाव पूर्ण किए हैं. आगे भी संस्था अपनी शालेय शिक्षा के साथ ही महाविद्यालयीन शिक्षा में योगदान को जारी रखने प्रयासरत है.

Back to top button