रविवार को पत्रकारों एवं परिजनों के लिए स्वास्थ्य जांच
अमरावती जिला मराठी पत्रकार संघ व महाराष्ट्र होमिओ डॉक्टर्स एसोसिएशन का आयोजन

अमरावती/दि.6- भागदौड़ भरी जीवनशैली तथा तनावपूर्ण वातावरण में कार्य करते समय पत्रकारों को अनेक शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है. इसी गंभीर बात को ध्यान में रखते हुए अमरावती जिला मराठी पत्रकार संघ तथा महाराष्ट्र होमियो डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से रविवार 7 जून को वॉलकट कंपाउंड परिसर स्थित जिला मराठी पत्रकार संघ भवन में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा प्रसार माध्यमों के प्रतिनिधियों के लिए सुबह 8 बजे से स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है.
इस शिविर में सुप्रसिद्ध राम साई हॉस्पिटल के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. निलेश चांडक उपस्थित रहेंगे. हृदय रोग एवं जीवनशैली विषय पर उनका मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा. साथ ही पत्रकारों की रक्त जांच भी की जाएगी. डॉ. निलेश चांडक तथा होमियो डॉक्टर्स एसोसिएशन के डॉक्टर भी स्वास्थ्य जांच करेंगे. इस कार्यक्रम में सभी पत्रकारों तथा उनके परिजनों से उपस्थित रहकर अपनी रक्त शर्करा जांच कराने तथा भागदौड़ के इस युग में निरोगी जीवनशैली कैसे विकसित की जाए, यह जानने का आग्रह अमरावती जिला मराठी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महाराष्ट्र होमियो डॉक्टर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. स्वाती लबडे-पडोळे तथा एसोसिएशन के सचिव डॉ. नंदकिशोर भुतडा ने किया है.





