नवाथे नगर-साईनगर में गंदगी का अंबार
सफाई ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

* नाला कचरे से भरा, सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचने से नागरिक परेशान
* मनपा आयुक्त से रोशन देशमुख ने की कार्रवाई की मांग
अमरावती /दि.13– शहर के प्रभाग क्रमांक 19 अंतर्गत नवाथे नगर, वसंतराव नाईक नगर और साईनगर परिसर में गंदगी का साम्राज्य फैलने का आरोप लगाया गया है. क्षेत्र का नाला कचरे से पूरी तरह भरा होने और नियमित सफाई नहीं होने के कारण नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस समस्या को लेकर प्रहार के रोशन देशमुख ने 12 अक्टूबर को महानगरपालिका आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सफाई कराने की मांग की है.
ज्ञापन के अनुसार, परिसर में जगह-जगह कचरा जमा है और सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं. इसके कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. शहर में डेंगू जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका के बीच गंदगी से स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ गई है. विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
* सफाई ठेकेदार पर मनमानी का आरोप
रोशन देशमुख ने आरोप लगाया कि सफाई ठेकेदार को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या की अनदेखी की जा रही है. ज्ञापन में ठेकेदार के व्यवहार पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया है कि शिकायत करने पर वह नागरिकों से विवाद करता है और कार्रवाई न होने की बात कहता है.
* आयुक्त से तत्काल कार्रवाई की मांग
रोशन देशमुख ने मनपा आयुक्त से प्रभाग क्रमांक 19 में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, कचरे से भरे नाले की सफाई कराने तथा सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने नागरिकों को गंदगी से राहत दिलाकर स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की है.





