एमपीएससी पेपर लीक मामले में मयूर ठाकरे गिरफ्तार
17 अक्तू. तक पुलिस हिरासत में भेजा गया आरोपी

औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का मामला
अमृत पाटील और अकादमी संचालक प्रवीण पाटील के बीच संपर्क की कड़ी होने का संदेह
मुंबई/दि. 13 – महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की औषध निरीक्षक पद की परीक्षा के पेपर लीक मामले में फरार आरोपी मयूर ठाकरे को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. नंदुरबार में खेल शिक्षक के रूप में पहचान रखने वाले मयूर को अदालत ने 17 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
* कैसे उजागर हुआ पेपर लीक का मामला?
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में औषध निरीक्षक पद के लिए 22 मार्च 2026 को परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा से पहले ऋतुजा पाटील को प्रश्न मिलने की जानकारी सामने आने के बाद पेपर लीक का मामला उजागर हुआ. बताया गया है कि उसे पहले मिले प्रश्नों में से 77 से 78 प्रश्न वास्तविक परीक्षा में भी पूछे गए थे. पुलिस इस दावे की जांच कर रही है. जांच के अनुसार, ऋतुजा के पिता अमृत पाटील ने प्रश्न हासिल करने के लिए कौटिल्य अकादमी के संचालक प्रवीण पाटील को 12 लाख रुपये दिए थे. संदेह जताया जा रहा है कि इस रकम का इंतजाम ऋतुजा की शादी के लिए जमा की गई राशि से किया गया था. पुलिस इस कथित आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है. इस मामले में ऋतुजा और उसकी सहेली के बीच हुए व्हाट्सऐप संवाद का स्क्रीनशॉट मिलने के बाद जांच को नई दिशा मिली. इसी संवाद से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने अन्य संदिग्धों के साथ मयूर ठाकरे की तलाश शुरू की थी.
* अमृत और प्रवीण के बीच संपर्क की कड़ी होने का संदेह
जांच में मयूर ठाकरे का नाम अमृत पाटील और अकादमी संचालक प्रवीण पाटील के बीच संपर्क की कड़ी के रूप में सामने आया. पुलिस को संदेह है कि इस मामले में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है. इसी आधार पर उसकी तलाश की जा रही थी. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर पेपर लीक प्रकरण में उसकी भूमिका और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
मयूर ठाकरे नंदुरबार शहर के एक प्रतिष्ठित संस्थान में खेल शिक्षक के रूप में कार्यरत है. खेल क्षेत्र में उसे आदर्श शिक्षक के रूप में पहचान मिली है और राज्य सरकार की ओर से उसे विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित भी किया गया है. अब पेपर लीक मामले में उसकी गिरफ्तारी से जांच में आगे और खुलासे होने की संभावना है.





