पांचों जिलों में ‘उष्माघात सहायता कक्ष’ स्थापित

गर्मी की परीक्षाओं के मद्देनजर विवि की सराहनीय पहल

अमरावती/दि.11- संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय की ग्रीष्मकालीन परीक्षाएं वर्तमान में जारी है. बढते तापमान को देखते हुए विद्यार्थियों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाने के लिए कुलगुरु डॉ. मिलिंद बारहाते के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विकास विभाग द्वारा पांचों जिलों में जिला स्तरीय हीट स्ट्रोक सहायता कक्ष स्थापित किए गए हैं. इस माध्यम से छात्रों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इस पहल के नियोजन हेतु 7 मई को विद्यार्थी विकास विभाग में विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विद्यार्थी विकास संचालक डॉ. राजीव बोरकर ने की. इस दौरान प्राचार्य डॉ. अतुल बोडखे सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में विद्यार्थियों को उष्माघात से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई. साथ ही संत गाडगे बाबा प्रतिष्ठान की ओर से परीक्षार्थियों को ओआरएस पैकेट, ग्लूकोज पाउडर और प्राथमिक उपचार सामग्री वितरीत की गई.

* छात्रों का स्वास्थ्य प्राथमिकता
विद्यार्थियों का स्वास्थ्य विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है और परीक्षा के दौरान भीषण गर्मी से बचाव के लिए यह सहायता कक्ष प्रभावी साबित होंगे.
– डॉ. मिलिंद बारहाते, कुलगुरु,
संगाबा अमरावती विद्यापीठ.

Back to top button