अगर बाबा सिद्दीकी की तरह मेरी हत्या हो जाए तो…

विधायक साजिद खान पठाण का भावुक बयान

* बोले – तो भी मंदिर के लिए मांगा गया निधि जरूर दें
* बिश्नोई गैंग से मिली धमकी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा
मुंबई/दि.2- कांग्रेस के अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक साजिद खान पठाण को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा में गूंजा. इस दौरान विधायक पठाण ने भावुक अंदाज में कहा कि यदि उनकी भी हत्या बाबा सिद्दीकी की तरह हो जाती है, तो उन्होंने अपने क्षेत्र के मंदिर के लिए जो निधि मांगी है, वह अवश्य प्रदान की जाए.
विधानसभा में कांग्रेस नेता नाना पटोले और विजय वडेट्टीवार ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसी विधायक को बार-बार धमकियां मिलना गंभीर विषय है और सरकार को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए. सरकार की ओर से मंत्री नितेश राणे ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी जनप्रतिनिधि को मिलने वाली धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने विधायक से उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंपने की अपील की.
* बिश्नोई गैंग मुख्यमंत्री की भी नहीं सुन रही : पटोले
बहस के दौरान नाना पटोले ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद विधायक को दोबारा धमकी मिली है. उन्होंने टिप्पणी की कि इससे प्रतीत होता है कि बिश्नोई गैंग किसी की नहीं सुन रही. इस पर कैबिनेट मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि धमकी देने वाले मोबाइल नंबरों की जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर विधायक की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी.
* मैं धमकियों से डरने वाला नहीं
विधानसभा में अपनी बात रखते हुए साजिद खान पठाण ने कहा कि पहली बार धमकी मिलने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं देर रात फोन कर उनकी कुशलक्षेम पूछी थी. इसके बावजूद अब फिर से धमकी मिली है. उन्होंने कहा, मैं धमकियों से डरने वाला नहीं हूं. अगर डरता तो घर से बाहर नहीं निकलता. लेकिन मेरी एक मांग है. यदि कल मेरी भी बाबा सिद्दीकी की तरह हत्या हो जाए, तो मैंने अपने क्षेत्र के मंदिर के लिए जो निधि मांगी है, उसका आवंटन अवश्य किया जाए और मंदिर का निर्माण पूरा कराया जाए. मुझे सुरक्षा से अधिक उस कार्य की चिंता है. विधायक के इस बयान के बाद सदन में कुछ समय के लिए गंभीर माहौल बन गया. सरकार ने मामले की जांच और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया है.

Back to top button