इंस्टाग्राम पर किसी को फॉलो किया तो जान दे दूंगा
युवक की दोस्ती से त्रस्त पीडिता पहुंची पुलिस स्टेशन

* पुलिस ने किया मामला दर्ज, कोतवाली थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.9 – इंस्टाग्राम पर हुई पहचान दोस्ती में बदलने के बाद 18 वर्षीय युवक नाबालिग 16 वर्षीय पीडिता पर अपना अधिकार जताने लगा और किसी को भी फॉलो करने पर अपनी नस काटकर और फिनाइल पीकर आत्महत्या की धमकी देने लगा. इससे परेशान पीडिता ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज की. पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विनयभंग व पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. आरोपी युवक का नाम निखिल (18) बताया जाता है. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक 16 वर्षीय नाबालिग पीडिता द्वारा दर्ज की गई शिकायत में आरोप किया गया है कि, उसकी निखिल के साथ इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी. यह पहचान धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई. लेकिन पीडिता इंस्टाग्राम पर किसी को फॉलो करती थी, तब निखिल उसके साथ विवाद करता था. साथ ही अपने हाथ की नस काटकर और फिनाइल पीकर जान देने की धमकी देता था. निखिल के अत्याचार बढते जा रहे थे. इससे पीडिता मानसिक रुप से परेशान हो गई थी. पीडिता ने जब उससे बातचीत बंद की तो वह उसका पीछा करने लगा था. आखिरकार पीडिता ने अपनी मां के साथ कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज की. शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी निखिल के खिलाफ बीएनएस की धारा 78 और पोक्सो की धारा 8, 12 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





