शहर में जामुन की आवक, जमकर विक्री
गर्मी के सीजन में आ धमका रसीला, औषधीय फल

* सभी आयुवर्ग के लोगों को खूब भाता है
अमरावती /दि.21– गर्मी का सीजन चरम पर है. अमरावती का पारा देश के टॉप टू शहरों में गिना जा रहा है. हर कोई त्राहि- त्राहि कर उठा है. ऐसे में गर्मी के रसीले तरबूज, खरबूज, लीची, आम आदि फलों के स्वाद लोग उठा रहे हैं. इसी बीच मई माह का तीसरा सप्ताह शुरू रहते अमरावती में दो दिनों से बहुगुणी जामुन का भी आगमन बाजार में हो गया है. बेशक अभी दाम 320 रूपए से अधिक प्रतिकिलो बोले जा रहे हैं. किंतु डिमांड बनी हुई है. रोज 12-15 कैरेट माल की खपत होने की जानकारी राजापेठ क्षेत्र में ठेला लगाए अरबाज खान शेख निसार ने दी.
नागपुर से खरीदी
अरबाज खान ने बताया कि जामुन की यह आवक नागपुर से हो रही है. वे स्वयं नागपुर जाकर रोज 15- 20 कैरेट अच्छा माल ला रहे हैं. प्रत्येक कैरट में साढे 14- 15 किलो की भरती रहती है. बडा अधिक फाल का माल चुनकर लाते हुए मुंह मांगे दाम वहां के व्यापारियों और किसानों को चुका रहे हैं. अमरावती में राजापेठ में उन्होंने बूटी प्लॉट के पास ठेला लगाया है. शाम तक सारा माल बिक जाने का दावा अरबाज खान ने किया. अरबाज ने कबूल किया कि हर वर्ष मई अंत अथवा जून में शुरू होनेवाला जामुन का सीजन इस वर्ष मई के तीसरे सप्ताह में आरंभ हो गया है.
बहुगुणी, उपयोगी
जामुन औषधीय गुणों के कारण सभी पसंद करते हैं. यही खासियत है कि मोहल्ले में जामुन का ठेला आते ही बच्चे और सभी आयुवर्ग के लोग चाव से जामुन चखकर खरीदते हैं. खाते हैं. नमक लगाकर जामुन का स्वाद बढ जाता है. चिकित्सक भी सभी को ऋतुफल में जामुन अवश्य चखने, खाने की सलाह देते हैं. भले ही फिर वह मधुमेह पीडित क्यों न हो. अपितु मधुमेह पीडितों को जामुन अवश्य सेवन करने की सलाह दी जाती है. डायबिटिज होने पर भी जामुन अवश्य खाने चाहिए, ऐसा सभी कहते हैं. स अमरावती में जामुन का सीजन शुरू हो जाने से बाल गोपाल खुश हो गये है. दोपहर की कडी धूप के बाद जामुन खाते खेलों का लुत्फ बढ जाता है. बच्चे एक दूसरे को जामुन खाने से वायलेट हुई अपनी जीभ दिखाते हैं.
बारिश का सीजन शुरू होने पर जामुन की आवक बढ जायेगी. अमरावती जिले के कई भागों में जामुन की खेती हो रही है. वहां माल बाजार में आने पर निश्चित ही दाम कम होंगे. सामान्य लोगों की खरीद की पहुंच में आएंगे. आयुर्वेद आधारित औषधियों का सेवन करनेवाले, निर्माण करनेवाले भी जामुन की बडी मात्रा में खरीदी करते हैं.





