चलती ट्रेन से 5 लाख रुपए के गहने चोरी
9 मई को जबलपुर अमरावती ट्रेन में हुई चोरी की घटना

* यात्रा के दौरान किसी अज्ञात ने गहनों से भरी बैग पर हाथ किया साफ
अमरावती/दि.15- विगत 9 मार्च को जबलपुर से अमरावती आ रही एक्सप्रेस ट्रेन में सवार पति-पत्नी की ट्रॉली बैग में रखे करीब 5 लाख रुपए मूल्यवाले सोने के आभूषणों से भरे डिब्बो को किसी अज्ञात द्बारा चलती ट्रेन में चुरा लिया गया. जिसकी जानकारी सामने आते ही इस मामले को लेकर बडनेरा रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. जिसके आधार पर बडनेरा रेलवे पुलिस ने मामले की जांच पडताल करनी शुरू की.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक अकोला जिला अंतर्गत मलकापुर परिसर के दिपाली नगर में रहनेवाले राजेश राजवंश शर्मा (35) अपनी पत्नी मनीषा शर्मा (35) के साथ 9 मई को रात 11.30 बजे जबलपुर-अमरावती ट्रेन में जबलपुर से सवार होकर अमरावती आने हेतु निकले थे. उनका आरक्षण कोच क्रमांक बी-3 के बर्थ क्रमांक 19 और 20 पर था. रात का समय रहने के चलते वे अपने ट्रोली बैग को बर्थ के बीच रखकर सो गए थे. उस ट्रॉली बैग में करीब 5 लाख रुपए मूल्य वाले सोने के अलग-अलग आभूषण भी दो डिब्बो में रखे हुए थे. अगले दिन 10 मई की सुबह अमरावती पहुंचने के बाद वे दोनों राजापेठ बस डिपो पहुंचे और वहां से शिवशाही बस में सवार होकर अकोला के लिए रवाना हुए. इस दौरा उनका अपनी ट्रॉली बैग की ओर पूरा ध्यान था. लेकिन जब उन्होंने घर पहुंचकर अपनी ट्रॉली बैग को देखा तो पाया कि ट्रॉली बैग में रखे आभूषण वाले दोनों डिब्बे नदारद हैं. जिसके चलते उन्हें अंदेशा हुआ कि जब वे जबलपुर से अमरावती की यात्रा के दौरान ट्रेन में सो रहे थे तब शायद किसी ने उनकी ट्रॉली बैग में रखे गहनों से भरे डिब्बो को चुरा लिया. इसके चलते राजेश शर्मा ने तुरंत ही बडनेरा रेलवे पुलिस थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. जिसके आधार पर बीएनएस की धारा 305 (सी) के तहत मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी हैं.





