अमरावती जिले के डेढ लाख किसानों को 1600 करोड की कर्जमाफी
सितंबर 2025 तक कर्ज बकाया रहनेवाले किसानों का 7/12 होगा कोरा

* सीएम फडणवीस ने राज्य सरकार के बजट में की बडी घोषणा
अमरावती /दि.7 – महाराष्ट्र सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट में किसानों के लिए घोषित फसल ऋण माफी योजना से अमरावती जिले के किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है. राज्य के मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए घोषणा की कि 30 सितंबर 2025 तक बकाया रहने वाले किसानों के 2 लाख तक के फसल ऋण को माफ किया जाएगा. यह कर्जमाफी पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना के तहत लागू की जाएगी. इस योजना से अमरावती जिले के लगभग डेढ़ लाख किसानों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है.
* अल्प व अत्यल्प भूधारक किसानों को मिलेगा लाभ
बता दें कि, जिले में बड़ी संख्या में अल्प और अत्यल्प भूधारक किसान हैं, जिन पर फसल ऋण का बोझ है. सरकार की इस घोषणा से ऐसे किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. कृषि विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, जिले में बड़ी संख्या में किसान ऐसे हैं जिनका फसल ऋण 2 लाख रुपये तक है, जो इस योजना के अंतर्गत माफ किया जा सकेगा.
* सातबारा होगा कर्जमुक्त
इस योजना का प्रमुख उद्देश्य किसानों को कर्ज के बोझ से मुक्त करना है. कर्जमाफी लागू होने के बाद किसानों के सातबारा (7/12) उतारे पर दर्ज ऋण 2 लाख रुपये तक समाप्त हो जाएगा, जिससे उनका जमीन का रिकॉर्ड कर्जमुक्त हो सकेगा. इससे किसानों को भविष्य में बैंक से नए कृषि ऋण लेने में भी आसानी होगी.
* जिले में किसानों को बड़ी उम्मीद
अमरावती जिले में पिछले कुछ वर्षों में फसल नुकसान, उत्पादन लागत में वृद्धि और बाजार की अनिश्चितता के कारण किसानों पर कर्ज का दबाव बढ़ा है. ऐसे में राज्य सरकार की यह घोषणा किसानों के लिए राहत भरी मानी जा रही है. किसान संगठनों का कहना है कि यदि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया तो जिले के हजारों किसानों को बड़ा आर्थिक सहारा मिलेगा और खेती को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
* राज्य का सबसे बड़ा बजट
ज्ञात रहे कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में 7 लाख 79 हजार करोड़ रुपये का राज्य बजट पेश किया, जिसमें कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है. यह राज्य में अब तक का सबसे बडा बजट है. विशेषज्ञों के अनुसार, कर्जमाफी के साथ कृषि क्षेत्र में अन्य योजनाओं का लाभ भी किसानों तक पहुंचा तो अमरावती सहित पूरे विदर्भ क्षेत्र में कृषि क्षेत्र को नई गति मिल सकती है.