सराफा व्यापारी का लूटा हुआ 1.34 करोड रुपए का माल वापस लौटाया
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के हाथों 1.19 लाख रुपए नकद और 661 ग्राम सोना सौंपा गया

* फरवरी माह में गाडगे नगर थाना क्षेत्र में हुई थी लूटपाट की घटना
* सभी आरोपी दबोचकर लूट का माल किया गया था जब्त
अमरावती/दि.7 – गाडगे नगर थाना क्षेत्र में 13 फरवरी की रात 9.30 बजे के दौरान बालाजी नगर निवासी व सुमित्रा ज्वेलर्स के संचालक सुशांत मनोहर शेरेकर (43) को घर लौटते समय बीच रास्ते में लूटेरों ने रोककर लूट लिया था. लूटेरों ने सराफा व्यापारी से 778 ग्राम सोना और नकद 1 लाख 70 हजार रुपए समेत कुल 1 करोड 1 लाख 70 हजार रुपए का माल लूट लिया था. इस प्रकरण में पुलिस ने लूटेरों को दबोचकर उनके पास से लूटा हुआ सारा माल जब्त कर लिया था. यह पूरा माल संबंधित सराफा व्यापारी को अदालती आदेश पर आज आयुक्तालय में पुलिस आयुक्त राकेश ओला के हाथों वापस लौटाया गया.
बता दें कि, 13 फरवरी की रात 9.30 बजे सुशांत मनोहर शेरेकर अपनी सुमित्रा ज्वेलर्स नामक दुकान बंद कर सोने के आभूषण व नगद राशि के साथ मोपेड गाडी पर सवार होकर घर की तरफ लौट रहे थे, तब पीछे से आयी काले रंग की कार ने ओवरटेक कर उसमें सवार तीन लूटेरों ने सुशांत शेरेकर को लूट लिया था. यह लूटेरे माल लूटकर कार में सवार होकर भाग गये थे. शुुरुआत में सराफा व्यापारी ने 469 ग्राम सोना और नकद 1 लाख 70 हजार लूटे जाने की जानकारी दी गई थी. लेकिन बिल बुक और रसीदें देखने के बाद उन्होंने 778 ग्राम सोना लूटे जाने की जानकारी दी. मामले की जांच में कार में सवार 5 और मोटर साइकिल से रेकी करने वाले 2 ऐसे 7 आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया था. उनके पास से नकद 1 लाख 19 हजार 661.30 ग्राम सोना, घटना में इस्तेमाल कार व दुपहिया, 7 मोबाइल, 3 चाकू समेत कुल 1 करोड 12 लाख 32 हजार रुपए का माल जब्त किया गया था. यह माल और नकद राशि आज सराफा व्यापारी सुशांत शेरेकर को पुलिस आयुक्त राकेश ओला के हाथों सौंप दी गई.
* चार्जशीट अदालत में दाखिल
इस सनसनीखेज प्रकरण में संपूर्ण कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त गणेश शिंदे, रमेश धुमाल, सहायक आयुक्त शिवाजीराव बचाटे के निर्देश व सूचना के मुताबिक निरीक्षक गोरखनाथ जाधव, क्राइम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण, विजया पंधरे, सहायक निरीक्षक मनोज मानकर, मनीष वाकोडे, महेश इंगोले, उपनिरीक्षक गजानन सोनुने, क्राइम ब्रांच व गाडगे नगर के डीबी दल द्वारा संयुक्त रुप से की गई. मामले की जांच सहायक निरीक्षक मनोज मानकर ने पूर्ण कर आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में ठोस सबूतों के साथ दायर की है.
* इन 7 आरोपियों को किया गया था गिरफ्तार
सराफा व्यापारी सुशांत शेरेकर को लूटने के प्रकरण में पुलिस ने अमरावती शहर के लालखडी निवासी सैयद इमरान सैयद मीर उर्फ दबंग (32), फिरोज खान कासम खान (32), रहमत नगर निवासी शोएब खान अमिन खान (21), हबीब नगर निवासी शेख इमरान उर्फ इमू शेख रहमान (33), हैदरपुरा निवासी शेख रिजवान उर्फ कालू अब्दूल रहमान खान (19), कठोरा बु. निवासी शुभम उर्फ बंटी ज्ञानेश्वर खंडारे (33) और बोरगांव धर्माले निवासी सूरज सिद्धार्थ तायडे (35) नामक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था.